अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर बोला हमला कहा – कोरोना काल में हो रही मौतों को खोखले आश्वासनों से छुपा नहीं सकती सरकार

लखनऊ (उपसंपादक सैय्यद गुलाम हुसैन) – समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार कोरोना की महामारी और जनता की बढ़ती तकलीफों के बीच भी अपनी थोथी बातें करने से बाज नहीं आ रही है। सच्चाई का सामना करने से वह भय खाती है। सरकार का बड़बोलापन स्वयं बढ़ते संकट का कारण है। प्रदेश की जनता इलाज, दवा और आक्सीजन के लिए दर-दर भटक रही है किन्तु भाजपा सरकार कुप्रचार के सहारे सभी को भटकाने का काम कर रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी संकट के इस दौर में जनसाधारण के साथ है, आगे भी रहेगी। लेकिन जहां सरकार की कमी होगी उसे उजागर करना भी समाजवादी पार्टी का नैतिक तथा सामाजिक दायित्व है। लोकतंत्र में विपक्ष सत्ता दल की आरती उतारने के लिए नहीं है। भाजपा ने चार वर्ष में जनहित में एक भी उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं किया है। सैफई से गोरखपुर तक स्वास्थ्य क्षेत्र में जो भी कार्य हुए वे सभी समाजवादी सरकार के कार्यकाल में हुए। भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं पर ध्यान न देकर उन्हें बर्बाद किया है। संक्रमण के दूसरे आक्रमण के ज्यादा खतरनाक होने की विशेषज्ञ चेतावनी के बावजूद हालात सम्हालने के प्रयास नहीं किए गए।

भाजपा सरकार को अपनी करनी पर लाज नहीं आती है। मुख्यमंत्री के खोखले आश्वासनों से तड़प-तड़प कर हो रही मौंतों को छुपाया नहीं जा सकता। आगरा में पिता को लेकर बेटा दौड़ता रहा, इलाज नहीं मिला। वेंटीलेटर, भाप मशीन, आक्सीजन सबकी कालाबाजारी चल रही है। सरकार इसकी रोकथाम में विफल साबित हुई है। प्रदेश में संकट इसलिए भी है कि मुख्यमंत्री जी की टीम-इलेवन भी किसी काम की साबित नहीं हो रही है। उसके सारे तंत्र बेकार हो गए हैं। अस्पताल में और घर में पड़े मरीजों का कोई पुरसाहाल नहीं है। लखनऊ जनपद में नवनिर्वाचित समाजवादी नेत्री सुमैय्या राणा की टीम लोगों की मदद में कार्यरत हैं। और लोगों को भरपूर सहयोग एवं मार्गदर्शित कर रहीं हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here