सुलतानपूर (उत्तर प्रदेश ब्यूरो चीफ सय्यद एजाज अहमद) : जिलाधिकारी रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किन्नरों के मुद्दे/समस्याओं के स्थानीय निस्तारण के सम्बन्ध में जनपद स्तरीय समिति की प्रथम बैठक आयोजित की गयी। बैठक की मुख्य अतिथि मा0 उपाध्यक्ष उ0प्र0 किन्नर कल्याण बोर्ड सुश्री सोनम किन्नर उपस्थित रहीं, जिनका जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा पुष्प देकर स्वागत किया गया। उक्त बैठक में किन्नर समाज से जुड़ी समस्याओं, विभिन्न योजनाओं में उनको मिलने वाले लाभ, किन्नर समुदाय के सदस्यों से स्वघोषणा प्रपत्र के साथ आवेदन पत्रों की प्राप्ति कर पहँचान पत्र सम्बन्धी मुद्दे पर राज्य स्तरीय किन्नर कल्याण बोर्ड (TWB) की सहायता करने, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में किन्नर समुदाय की गैर भेदभाव रहित भागेदारी सुनिश्चित करने, किन्नर समुदाय के स्वास्थ्य, शिक्षा, राशन कार्ड, आवास, शौंचालय तथा कानून व्यवस्था सहित अन्य समस्त समस्याओं पर चर्चा की गयी।
जनपद स्तरीय स्तरीय समिति में रेनू किन्नर को सदस्य नामित किया गया। बैठक की मुख्य अतिथि मा0 उपाध्यक्ष उ0प्र0 किन्नर कल्याण बोर्ड सुश्री सोनम किन्नर द्वारा समिति के सभी सदस्यों से किन्नर समुदाय के लिये किये जाने वाले योगदान पर विस्तार से चर्चा की तथा सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने विभाग से जुड़ी जन कल्याणकारी योजनाओं में किन्नर समुदाय को प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिलायें। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जिला चिकित्सालय में एक किन्नर वार्ड बनाने की बात कही। जिला समाज कल्याण अधिकारी से किन्नर समुदाय का सर्वे कराकर संख्या चिन्हित करने तथा जन कल्याणकारी योजनाओं में लाभ दिलाने की बात कही। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि प्राथमिक शिक्षा में किन्नर बच्चों का प्रवेश दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही किन्नर समुदाय का भला हो सकता है। आज किन्नर समुदाय से पढ़ लिखकर लोग आई.ए.एस., जज व प्रशासनिक सेवाओं में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किन्नर समुदाय के लिये एक अलग शौंचालय बनना चाहिये। उन्होंने गन्ना किसानों की समस्याओं को सुनकर सम्बन्धित अधिकारी को निराकरण कराने के निर्देश दिये।
पुलिस अधीक्षक डॉ0 विपिन कुमार मिश्र द्वारा किन्नर समुदाय को आश्वस्त कराया गया कि किन्नरों को समस्त कानूनी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जायेंगी तथा उनके खिलाफ होने वाले भेदभाव, अन्याय को प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जायेगा। कार्यक्रम के अन्त में जिलाधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि मा0 उपाध्यक्ष उ0प्र0 किन्नर कल्याण बोर्ड सुश्री सोनम किन्नर के द्वारा कोविड-19 के दौरान किये गये सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि किन्नर समुदाय के स्वास्थ्य, शिक्षा, वोटर कार्ड, राशन कार्ड/आवास की उपलब्धता पात्रता के आधार पर उपलब्ध कराया जायेगा। उनके खिलाफ होने वाले भेदभाव/अत्याचार को प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जायेगा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 डी0के0 त्रिपाठी, एसडीएम महेन्द्र श्रीवास्तव, वन्दना पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी डॉ0 डी0आर0 विश्वकर्मा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी पन्नालाल, समाज कल्याण अधिकारी आर0बी0 सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
Home राष्ट्रीय उत्तरप्रदेश जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किन्नरों के मुद्दे/समस्याओं के स्थानीय निस्तारण के सम्बन्ध...






