लखनऊ (उत्तर प्रदेश सहसंपादक सरफ़राज़ ज़ाहिद) – चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर बाजार में अवैध तरीके से गैस सिलिंडर की रिफिलिंग के धंधे का शनिवार को खुलासा हुआ है। कोतवाली पुलिस और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने बाजार में पहुंच कर गैस रिफलिंग करने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सिकंदरपुर में बड़ी आबादी के घनी बस्ती में घरेलू गैस सिलिंडर से दूसरे सिलिंडर में अवैध तरीके से रिफिलिंग के माध्यम से पिछले कुछ महीने से खतरनाक कार्य को अंजाम दिया जा रहा है। इसकी शिकायत पर कोतवाली पुलिस व आपूर्ति विभाग की टीम ने छापा मारा।
यहां से पुलिस ने गैस को दूसरे सिलिंडर में रिफलिंग कर रहे व्यक्ति को करते समय पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान मौके से पांच भरे हुए घरेलू गैस सिलिंडर आठ बड़े खाली सिलिंडर और तीन छोटे सिलिंडर के साथ रिफिलिंग करने वाले पाइप आदि सामग्री बरामद किया गया।







