लखनऊ (उत्तर प्रदेश उपसंपादक सय्यद गुलाम हुसैन) – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि नये उत्तर प्रदेश में गुलामी की मानसिकता के प्रतीक चिन्हो का कोई स्थान नहीं है और यही वजह है कि ताजनगरी आगरा में निर्माणाधीन मुगल म्यूजियम का नाम बदल कर छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर रखा जायेगा।
श्री योगी ने आगरा मण्डल के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुये अधिकारियों को निर्देश दिये कि आगरा के मुगल म्यूजियम का नाम परिवर्तित कर छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर रखा जाये। बाद में ट्वीट कर उन्होने कहा ‘‘ आगरा में निर्माणाधीन म्यूजियम को छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम से जाना जाएगा।
आपके नए उत्तर प्रदेश में गुलामी की मानसिकता के प्रतीक चिन्हों का कोई स्थान नहीं। हम सबके नायक शिवाजी महाराज हैं। जय हिन्द, जय भारत।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार से समन्वय बनाकर आगरा एयरपोर्ट के सम्बन्ध में प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत किया जाए। आगरा एयरपोर्ट एवं आगरा मेट्रो के कार्य को त्वरित गति से आगे बढ़ाया जाये।
उन्होने कहा कि परियोजनाओं और विकास कार्यों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से मानकों के अनुसार पूर्ण किया जाए। निर्धारित अवधि में कार्य के पूर्ण होने पर लागत में कमी आती है और जनता को विकास योजनाओं का समय से लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए शासन स्तर पर धनराशि की कोई कमी नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश की जनता को लाभान्वित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस सम्बन्ध में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता बरते जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी।
हमें कोरोना से लडऩा भी है और तेजी से विकास कार्य भी संचालित करने हैं। इसके ²ष्टिगत वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के लिए पूरी सतर्कता व सावधानी अपनाते हुए विकास कार्यों को तीव्र गति से पूर्ण किया जाए।







