पटना (संवाददाता) – राजधानी पटना के एनआईटी घाट पर गंगा की उफनती लहरों के बीच छह छात्र पानी में फंस गये। इसी दौरान अपने पांच साथियों के साथ नहाने गया एक छात्र गंगा में डूब गया।
छात्र को बचाने की कोशिश करने वाले उसके पांच अन्य साथी प्रियांशु शेखर, सुमित राज, शिवम कुमार, मोहित कुमार, मंजीत सिंह भी गंगा की लहरों के बीच फंस गए। हालांकि स्थानीय नाविकों ने उन्हें बचा लिया। इन सभी में किसी को तैरना नहीं आता था। छात्र के डूबने की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गयी। इसके बाद पुलिस घाट पर पहुंची। गोताखोर की मदद से छात्र की खोज की जा रही है। हालांकि, देर शाम तक कुछ पता नहीं चल सका था।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो एक घंटे तक छात्र गंगा की लहरों के बीच नहाते रहे। कुछ छात्र पानी में स्टंट कर रहे थे। दोस्तों के साथ नहाने के दौरान आदित्य पानी में आगे तक चला गया। फिर वह एकाएक डूबने लगा। उसे डूबता देख बाकी के दोस्त बचाने के लिये आगे बढ़े लेकिन वे भी लहरों के बीच खुद को संभाल नहीं पाए। शोर-शराबा होने पर स्थानीय नाविक गंगा में कूदे और किसी तरह बाकी के बच्चों की जान बचायी। लेकिन तब तक आदित्य पानी के अंदर चला गया। उसे ढूंढ़ने की काफी कोशिश की गयी लेकिन वह नहीं मिला।







