- विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया ने अध्यक्ष सीपी जोशी को पत्र सौंपा।
- निर्दलीय विधायक संयम लोढा की शिकायत पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया के विरुद्ध दर्ज कर रखा है मामला।
जयपूर (एस.पी.मित्तल) – राजस्थान विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता गुलाबचंद कटारिया ने 10 जुलाई को विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी को एक पत्र सौंप कर प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के विरुद्ध विशेषाधिकार हनन का मामला दर्ज कराने की मांग की है। पत्र में विधानसभा अध्यक्ष को बताया गया कि हाल ही में राज्य सभा के चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री ने कई बार कहा कि विधायकों को 35 करोड़ रुपए तक का लालच देकर खरीदा जा रहा है। मुख्यमंत्री का यह बयान विधायकों को अपमानित करने और विधानसभा के अधिकारों का हनन करने वाला है। यहां यह उल्लेखनीय है कि राज्य सभा चुनाव के दौरान ही सरकार ने लोगों के बाहर जाने पर रोक लगा दी थी। कांग्रेस ने निर्दलीय विधायकों को दस दिनों तक होटलों में रखा गया।
पूनिया पर दर्ज है मामला:
असल में कटारिया की कार्यवाही को भाजपा की जवाबी कार्यवाही माना जा रहा है। इससे पहले कांग्रेस को समर्थन देने वाले निर्दलीय विधायक संयम लोढा ने विधानसभा अध्यक्ष को एक पत्र देकर विधायक और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया के विरुद्ध विशेषाधिकार हनन का मामला दर्ज करने की मांग की थी। इस पत्र में लोढा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के दौरान पूनिया ने निर्दलीय विधायकों को प्लाट और अन्य प्रकार का लालच देने वाला बयान दिया था। लोढा के इस पत्र पर पूनिया के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का मामला चलाने का निर्णय हुआ। भले ही यह भाजपा की जवाब कार्यवाही हो, लेकिन राज्य सभा चुनाव के दौरान किसी भी राजनीतिक दल के विधायकों की बगावत नहीं हुई।







