गोवंश आश्रय स्थल का प्रतिदिन करें निरीक्षण/सत्यापन तथा गोवंशों को ठण्ड से बचाव एवं उनके खान-पान पर विशेष ध्यान दिये जायें-डीएम।
सुलतानपूर (उत्तर प्रदेश ब्युरो चीफ सय्यद एजाज अहमद) – जिलाधिकारी रवीश गुप्ता द्वारा शनिवार को अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल पीरो सरैया, विकास खण्ड धनपतगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय कुल 73 गोवंश संरक्षित पाये गये, जिसमें 53 नर एवं 20 मादा पाये गये। पशु चिकित्सा अधिकारी धनपतगंज डाॅ0 प्रमोद कुमार अग्रहरि द्वारा बताया गया कि संरक्षित समस्त गोवंश का टीकारण, टैगिंग करा दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रतिदिन आश्रय स्थल का निरीक्षण/सत्यापन किया जा रहा है तथा आवश्यकतानुरूप चिकित्सा आदि की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान सभी गोवंश स्वस्थ पाये गये तथा साफ-सफाई एवं खान-पान की व्यवस्था भी संतोषजनक पायी गयी।
जिलाधिकारी श्री गुप्ता द्वारा गोवंश आश्रय स्थल का शेड में पिलर कमजोर पाये जाने पर शीघ्र ठीक कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने संरक्षित गोवंश के गोबर को वर्मी कम्पोस्ट बनाकर जैविक खाद तैयार कराकर गोशाला को स्वावलम्बी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारी को दैनिक सत्यापन/निरीक्षण कर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। डीएम ने गोवंशों को ठण्ड से बचाव एवं उनके खान-पान पर विशेष ध्यान देने हेतु संचालक को निर्देश दिया।
निरीक्षण के समय मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स, खण्ड विकास अधिकारी धनपतगंज संदीप सिंह, सहित गोवंश आश्रय स्थल पीरो सरैया संचालक सचिव व ग्रामीणजन उपस्थित रहे।







