पटना (प्रतिनिधी) – एम्स के पास एक दवा दुकान से कोरोना इलाज के लिए दी जाने वाली दवा रेमडीसीवीर को अधिक दाम पर बेचे जाने की शिकायत पर औषधि नियंत्रक विभाग की टीम ने दवा दुकानदार सह फार्मासिस्ट प्रवीण कुमार और उसके स्टाफ चंदन को गिरफ्तार कर लिया है. एम्स में भर्ती एक महिला मरीज के परिजन ने 4000 की दवा रेमडीसीवीर को 6000 में बेचने की शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद कार्रवाई की गई है.
जानकारी के अनुसार ड्रग्स विभाग के पास एक शिकायत आई थी कि एम्स के पास सविता मेडिकल हाॅल में कम कीमत की कोविड 19 की दवा को अधिक दामों पर बेचा जा रहा है. जिसके बाद एक तीन सदस्यीय टीम गठित कर छापेमारी करते दवाखाना के संचालक सहित दो लोगों को पक्का बिल नहीं देने और दवा को अधिक दाम में बेचने को लेकर कानूनी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगो के विरूद्ध फूलवारी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
कोरोना महामारी के बीच चारो तरफ जिंदगी और मौत के जद्दोजहद के साथ जंग लड़ रही मानवता को ताक पर रखकर चंद रूपये अधिक कमाने की चाहत में कुछ लोग कालाबाजारी करना नहीं छोड़ रहे हैं. आरा से पटना एम्स इलाज कराने आयी महिला कोरोना संक्रमित होकर एम्स में पड़ी है. वहीं उसका बेटा जब एम्स के पास ही एक दवा दुकान से रेमडीसीवरी दवाई खरीदने गया तो 4800 की दवा को 6000 रूपए में दिया गया. इसकी शिकायत युवक ने पटना औषधि नियंत्रक को दी.







