पटना (क्राइम संवाददाता) – सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती ने गुरुवार को एक इंटरव्यू दिया। रिया चक्रवर्ती ने उस ‘AU’ के बारे में भी खुलकर बताया, जिसे कई लोग आदित्य ठाकरे बता रहे थे। रिया चक्रवर्ती ने कहा कि यह AU आदित्य ठाकरे नहीं, बल्कि उनकी दोस्त अनाया उदास है। अनाया का नंबर रिया ने अपने मोबाइल में ‘AU’ के नाम से सेव किया है।
एक वृत्तसंस्था के साथ बातचीत करते हुए रिया चक्रवर्ती ने कहा, ‘मेरी एक दोस्त है अनाया उदास, उसका नाम AU के नाम से सेव है। लोगों ने उसे आदित्य ठाकरे समझ लिया। मैंने और उसने कई बार स्पष्टीकरण भी दिया है। मैं उनसे (आदित्य) कभी नहीं मिली हूं। न मेरे पास उनका नंबर है।’
रिया से जब पूछा गया कि क्या पूरे मामले में कोई उन्हें बचा रहा है तो एक्ट्रेस ने कहा, ‘मुझे कोई नहीं प्रोटेक्ट कर रहा है। मैं तो कह रही हूं कि प्लीज कोई मुझे प्रोटेक्ट करो। मेरा परिवार और जिंदगी खराब हो रही है। मैं किसी राजनेता को नहीं जानती। मेरे किसी से पॉलिटिकल कनेक्शन नहीं हैं। बस टीवी पर देखा है। अब सीबीआई आ गई है और अब पूरे मामले की जांच करेगी।’
इससे पहले भी रिया चक्रवर्ती का परिवार ‘AU’ को लेकर सफाई दे चुका है। उनके परिवार ने कहा था कि यह नंबर जिसका है, वह अनाया उदास हैं। रिया की दोस्त होने के नाते दोनों के बीच बातें हुआ करती थीं। इस मामले में आदित्य ठाकरे से कुछ भी लेना देना नहीं है।
रिया चक्रवर्ती ने इंटरव्यू में महेश भट्ट से अपने रिश्ते, 15 करोड़ रुपये के ट्रांसफर के आरोप, सुशांत के अपने परिवार संग रिश्ते आदि पर खुलकर बात की। रिया चक्रवर्ती ने महेश भट्ट को अपने पिता समान बताया। वहीं, रिया ने दावा किया कि सुशांत और उनके परिवार के बीच रिश्ते ठीक नहीं थे। रिया ने कहा, ‘सुशांत और उनके परिवार के बीच रिश्ते ठीक नहीं थे। जब भी वे आते थे तो एक दिन में ही वे बिछड़ जाते थे। मैंने और उनकी बहन मीतू ने साथ में कोर्स भी किया है। वहीं, सुशांत और उनके पिता के बीच रिश्ते बचपन से ठीक नहीं थे। सुशांत की जिंदगी में मेरे आने से पहले, वह अपने पिता से पांच साल तक नहीं मिले थे।’ इसके अलावा, रिया चक्रवर्ती ने उन आरोपों को भी सिरे से खारिज किया, जिसमें कहा गया था कि रिया ने सुशांत के बैंक अकाउंट से 15 करोड़ रुपये अपने या फिर परिवार के अकाउंट में ट्रांसफर कर लिए।







