कहां गई सुशांत के कमरे की चाबी? पता लगा रही सीबीआई

पटना (संवाददाता) – बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर उनके फ्लैट की चाबी कहां गई? चाबी के नहीं मिलने से कई सवाल खड़े होने लगे हैं। चाबी किसके पास थी? अगर सुशांत चाबी का इस्तेमाल कर रहे थे तो कमरा बंद रहने की हालत में उसे किसी आलमारी या दराज में होना चाहिए था। चाबी वहां भी नहीं मिली। सिद्धार्थ पिठानी ने ही ताला खोलने वाले एक्सपर्ट को गूगल पर सर्च कर बुलाया था। सुशांत की मौत से पहले पिठानी ही वह शख्स है जो हमेशा उनके साथ रहता था। उसे भी चाबी के बारे में जानकारी नहीं है। सूत्रों की मानें तो सीबीआई भी चाबी के बारे में पड़ताल कर रही है। सवाल यह भी है कि कहीं फ्लैट की चाबी में तो सुशांत की मौत का राज नहीं छिपा है।
शौविक और रिया के बीच ड्रग्स की बातचीत का एक वॉट्सऐप चैट सामने आया है। यह चैट बीते 15 मार्च का है। इसी दिन रिया चक्रवर्ती ने अपने भाई शौविक से ड्रग्स के इंतजाम करने को लेकर बातचीत की थी। इस चैट के सामने आने के बाद अब जांच एजेंसियां पूरी तरह से पड़ताल करने में जुट गई हैं। रिया और शौविक से लगातार पूछताछ की जा रही है। सूत्रों की मानें तो दोनों के वॉट्सऐप चैट की पड़ताल भी की जा रही है।
सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लेकर एक और बड़ा खुलासा हुआ है। उनके एक स्टाफ की वॉट्सऐप चैट सामने आई है। दीपेश सावंत की वॉट्सऐप चैट 14 जून की है। दीपेश सुशांत के बारे में बात कर रहा है। वहीं सुशांत की भी एक चैट सामने आई है। उसमें एक शख्स ने लिखा, ‘भाई एक कंपनी आपसे संपर्क करने की कोशिश कर रही है, उन्हें किसका नम्बर दूं’। जवाब में सुशांत ने लिखा, ‘दीपेश मेरे साथ हैं भाई।’ इसके बाद दीपेश के 14 तारीख के चैट्स भी सामने आए। जिसमें दीपेश एक शख्स से कह रहे हैं, ‘मुझे सुशांत ने फ्लिपकार्ट डील को लेकर आपके संपर्क में रहने के लिए कहा है।’ ये चैट 14 जून को 10 बजकर 51 मिनट की है।
फिर इसके बाद उस शख्स की ओर से 2 बजकर 48 मिनट पर मैसेज आया, ‘भाई ठीक है ना’, ‘जवाब दो हां या नहीं।’ इसके बाद 3 बजकर 34 मिनट पर फिर एक मैसेज आया। ‘भाई हम बाहर हैं और कोई जरूरत हो तो बताना।’ अगले मैसेज में लिखा था, ‘भाई कोई भी हेल्प चाहिए तो कॉल करना। हम वहां 5 मिनट में पहुंच जाएंगे।’ लेकिन इस चैट का दीपेश ने कोई जवाब नहीं दिया। ‘हिन्दुस्तान’ इस तरह के वायरल चैट्स की पुष्टि नहीं करता। गौरतलब है कि इस प्रकरण में सीबीआई सिद्धार्थ पिठानी, दीपेश सावंत, नीरज और सैमुअल मिरांडा से अब तक पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here