पटना (संवाददाता) – राज्यभर में नौवीं से 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालय 28 सितम्बर से खुल जाएंगे। ग्यारहवीं और 12वीं की पढ़ाई वाले कॉलेज भी खुलेंगे। अभिभावकों की लिखित सहमति के बाद ही बच्चे स्कूल जा सकेंगे। यह व्यवस्था स्वैच्छिक आधार पर होगी और स्वेच्छा से ही छात्र-छात्रा शिक्षकों से मार्गदर्शन प्राप्त करने स्कूल जाएंगे।
कंटेनमेंट जोन के सभी स्कूल अब भी बंद रहेंगे। ऐसे जोन में रहने वाले वैसे शिक्षक, कर्मी और विद्यार्थी, जिनके विद्यालय कंटेनमेंट जोन से बाहर हों, उन्हें भी स्कूल जाने पर रोक रहेगी।
अनलॉक-4 के तहत केन्द्र सरकार से मिली गाइडलाइन को लेकर शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बैठक में 28 सितम्बर से माध्यमिक-उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा 11वीं-12वीं के कॉलेजों को खोलने का निर्णय लिया गया। निर्णय हुआ कि एक दिन में अधिकतम एक तिहाई बच्चे ही स्कूल बुलाए जाएंगे। एक बच्चा सप्ताह में दो दिन ही स्कूल आ पाएगा। इन्हें तीन श्रेणियों में बांटा जाएगा।







