पटना (क्राइम संवाददाता) – महिला थाने में केस दर्ज कराने आयी यौन शोषण की शिकार विधवा के साथ महिला विकास मंच की एक सदस्य ने बदसलूकी की। इस मामले में पीड़िता की ओर से महिला थाने में शिकायत की गई है।
पीड़िता के मुताबिक वह फुलवारीशरीफ की रहनेवाली है। उसका कहना था कि उसके पति की मौत एक साल पहले हो गई थी। पति के मौत के बाद वह ससुराल में ही रह रही थी। इस दौरान देवर ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाया। बाद में लॉकडाउन का बहाना बनाकर शादी से इनकार कर दिया।
महिला का कहना है कि जब शादी का दबाव देती है तो आरोपित देवर मारपीट करता है। आरोपित देवर के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए ही वह मंगलवार की देर दोपहर महिला थाने पहुंची थी। इसी बीच अचानक महिला विकास मंच की कई सदस्य थाने में आ धमकी।
पीड़िता का आरोप है कि महिला विकास मंच की एक सदस्य ने उसे काफी अपशब्द कहा। विधवा महिला लगातार यही कह रही थी कि देवर एक साल से यौन शोषण कर रहा है। अपशब्द कहने के दौरान थाने की काउंसलर ने मंच से जुड़ी महिलाओं को बाहर निकाला।
महिला थानाध्यक्ष आरती कुमारी जायसवाल ने कहा कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं महिला विकास मंच की राष्ट्रीय संरक्षक वीना मानवी ने बताया कि किस केस में विधवा को धमकी दी जा रही है। इसकी जानकारी न तो प्रदेश अध्यक्ष को है और न ही मेरे पास।







