बिग बॉस 14 के लिए सलमान खानने घटाई अपनी फीस
मुंबई (जॉनी वाझ) – टीवी का सबसे कंट्रोवर्शियल शो बिग बॉस सीजन 14 शुरू होने में अब कुछ ही दिन बाकी रह गए हैं। 3 अक्टूबर को शो का ग्रैंड प्रीमियर होगा। इसी को लेकर गुरुवार को बिग बॉस की टीम ने एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस पीसी में सलमान खान ने शो से जुड़े कुछ ऐसे राज खोले जो यकीनन आप को उत्साहित कर देंगे। इतना ही नहीं सलमान ने लॉकडाउन के दौरान अपने डेली रूटीन को लेकर भी बात की।
लॉकडाउन को लेकर सलमान ने कहा – सभी की तरह मैं भी अपने फार्महाउस पर कैद था। एक तरह से मैं भी बिग बॉस ही खेल रहा था। जो भी थोड़ा बहुत में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहा था वो सारी गतिविधियां मेरे फार्महाउस की ही थी। सावधानी रखने के लिए ही मैं अपने फार्महाउस पर था।
सलमान ने बिग बॉस की शूटिंग के एक्सपीरियंस को साझा किया। सुल्तान सलमान ने कहा- मुझे शुरुआत में डर लग रहा था हालांकि सब लोग सावधानियां बरत रहे थे। सभी ने पीपीई किट पहनी हुई थी, मास्क लगाया हुआ था, ग्लव्स पहने हुए थे, लेकिन जब टीम मेरे पास माइक लगाने के लिए आ रही थी तो मुझे डर लग रहा था। ऐसा लग रहा था ये किसी भी वक्त मुझे किस कर लेंगे। वैसे भी इन दिनों मुझे खांसी, जुखाम और ‘किस’ से भी डर लगने लगा है।
सलमान ने खुलासा किया कि उन्होंने बिग बॉस के नए सीजन के लिए अपनी फीस को घटाया है ताकि उनके मेहनताने की वजह से कोरोना काल के दौरान चैनल पर कोई दबाव न पड़े। सलमान ने ये भी कहा कि अगर उनकी फीस में कटौती से किसी और को सैलेरी मिलती है तो वो इसके लिए तैयार हैं।
सलमान ने कहा – मुझे शूटिंग से डर अपनी वजह से नहीं बल्कि अपनी भांजी की वजह से लग रहा था। मेरे घर में एक छोटी बच्ची रहती है। साथ ही मेरे माता पिता जो कि सीनियर सिटीजंस हैं वो भी रहते हैं। जाहिर है ऐसे में ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। अपने लिए डर नहीं लगता जितना अपने घर वालों के लिए लगता है।
बिग बॉस फैंस को लेकर सलमान ने कहा – अब तक जितनी भी बोरियत घर में रहकर सब को हुई वो सब अब दूर हो जाएगी जैसे ही शो शुरू होगा। कुछ लोग मेरे खिलाफ बोलेंगे लेकिन ऐसे लोग भी होंगे जो मुझे समर्थन करेंगे। ऐसे बहुत लोग हैं जो बिग बॉस के कंटेस्टेंट से अटैच हो जाते हैं। सोशल मीडिया पर कंटेस्टेंट के लिए दुश्मनी भी देखी जाती है लेकिन वो सब बाद में ठीक हो जाती है।







