फरखपूर (संवाददाता) – एक दस वर्षीय बालिका को शुक्रवार रात मड़हे में सोते समय दो युवक सुनसान जगह पर उठा ले गए और उसके साथ दोनों ने रेप किया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गंभीर अवस्था में उसे परिजन थाने ले गए। पुलिस ने मेडिकल व इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।
फखरपुर थाने के एक गांव की बालिका शुक्रवार रात मड़हे में सो रही थी। आरोप है कि इसी गांव के दो सजातीय युवक आलोक व उसका चचेरा भाई रूपेश उसे मड़हे से उठाकर सुनसान जगह पर ले गए और दोनों ने उससे दुराचार किया। बालिका की चीख सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। गंभीर अवस्था में बालिका को लेकर परिजन थाने पहुंचे तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
महिला आरक्षी के साथ बालिका को जिला महिला अस्पताल भेजा गया जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। एसएचओ कपिलदेव चौधरी ने बताया कि तहकीकात में आलोक की संलिप्तता नजर आ रही है। बालिका के पिता की तहरीर पर आलोक व रूपेश के खिलाफ पाक्सो और रेप की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। घटनास्थल पर पहुंचे एसपी जुगुल किशोर ने बताया कि एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जिला अस्पताल में पर्याप्त सुविधा न होने के कारण पीड़ित बालिका मेडिकल परीक्षण के लिए लखनऊ भेजा गया है, वह खतरे से बाहर है। देवीपाटन रेंज के डीआईजी अनिल कुमार राय ने गांव का दौरा कर घटना के बारे में जानकारी ली।







