एक्टर अक्षत उत्कर्ष की मुंबई में संदेहास्पद मौत

मुजफ्फरपुर (संवाददाता) – सिकंदरपुर नाला गली निवासी अभिनेता अक्षत उत्कर्ष (26) की मुम्बई में मौत हो गई। रविवार की रात अंधेरी स्थित गोकुलधाम सोसाइटी में किराये के फ्लैट में शव मिला। शव पंखे की कड़ी से गमछे से लटक रहा था। मुम्बई पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया गया। मंगलवार को शव सिकंदरपुर स्थित आवास लाया गया। दोपहर में दाह-संस्कार किया गया।
पिता विजयंत कुमार ने इस घटना को आत्महत्या मानने से इंकार किया है। उन्होंने आशंका जतायी है कि अक्षत की हत्या की गई है और आत्महत्या का रूप दिया गया है। उन्होंने फ्लैट में रहने वाली नोएडा की एक लड़की व अन्य पर आरोप लगाया है। मुम्बई पुलिस पर भी सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है। हालांकि मुजफ्फरपुर में परिजनों ने मंगलवार देर शाम तक इस संबंध में किसी भी पुलिस अधिकारी या स्थानीय थाने से संपर्क नहीं किया है। अक्षत मूल रूप से मुजफ्फरपुर के सिवाईपट्टी थाने के सूरजन पकड़ी गांव के रहने वाले थे।
बताया है कि अक्षत उत्कर्ष 2018 से मुम्बई के अंधेरी में रहकर फिल्मों मे काम कर रहे रहे थे। तीन अक्टूबर से अगली भोजपुरी फिल्म की शूटिंग भी शुरू होने वाली थी। उसके पहले भी फिल्म और एलबम में सक्रिय थे।
अक्षत के मामा रंजीत सिंह ने मुजफ्फरपुर में बताया कि रविवार की रात नौ बजे अक्षत ने पिता विजयंत कुमार उर्फ राजू चौधरी से बात की थी। वह तनाव में था। एक घंटे बाद कॉल करने के लिए बोला था। जब पिता ने दोबारा एक घंटे बाद कॉल की तो बात नहीं हुई। हालांकि, मोबाइल पर लगातार रिंग हो रहा था। रात करीब साढ़े 11 बजे लड़की ने इस संबंध में अक्षत के ममेरे भाई को कॉलकर घटना की जानकारी दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here