उत्तरप्रदेश (सुलतानपूर ब्यूरो चीफ सय्यद एजाज अहमद) – जिलाधिकारी रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में बुधवार की सायं कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस के लंबित सन्दर्भों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें आईजीआरएस से सम्बन्धित 135 डिफाल्टर सन्दर्भ पर जिलाधिकारी द्वारा असंतोष व्यक्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्राथमिकता के आधार पर तत्काल डिफाल्टर सन्दर्भों का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी द्वारा यह भी निर्देश दिया गया कि भविष्य में शिकायत का निस्तारण डिफाल्टर होने से पूर्व अनिवार्य रूप से सयम से करा लिया जाय। तत्पश्चात डीएम द्वारा कोर्ट केस, आयुक्त सन्दर्भ, राजस्व परिषद सन्दर्भ आदि केसों पर भी निर्देश दिया गया कि अगले सप्ताह की बैठक तक निस्तारित करा लिया जाय। यदि निस्तारण कराने में कोई कठिनाई आती है, तो उसकी रूपरेखा तैयार करके आयें, जिससे बैठक में ही समाधान किया जा सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) हर्ष देव पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) उमाकान्त त्रिपाठी, मुख्य राजस्व अधिकारी शमशाद हुसैन, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, वरिष्ठ कोषाधिकारी वरूण खरे, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी पन्ना लाल सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।







