केकड़ी नगर पालिका में रघु शर्मा के इशारे के बगैर कुछ नहीं होता। एक महिला अधिकारी के पास है तीन निकायों का प्रभार।
जयपूर (एस.पी.मित्तल) – इसे राजनैतिक द्वेषता ही कहा जाएगा कि प्रदेश के चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा के निर्वाचन क्षेत्र केकड़ी (अजमेर) के पटेल आदर्श विद्या निकेतन स्कूल की दीवार बेवजह तोड़ दी गई। यह स्कूल राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़ा हुआ है। संघ से जुड़े लोग ही स्कूल का संचालन करते हैं। 10वीं कक्षा तक के इस स्कूल में 1300 से भी ज्यादा विद्यार्थी पढ़ते हैं। केकड़ी के शिक्षा जगत में यह स्कूल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। लेकिन 14 अक्टूबर को केकड़ी नगर पालिका के कार्मिकों ने इस स्कूल की दीवार को जेसीबी से धराशायी कर दिया।
स्कूल की प्रबंध समिति के पदाधिकारी रामस्वरूप माहेश्वरी ने बताया कि 20 वर्ष पहले 20 बीघा भूमि का आवंटन अजमेर रोड के निकट किया गया था। तभी से यह स्कूल सफलता पूर्वक चल रहा है। जानकारी के अनुसार पालिका को हाल ही में एक शिकायत मिली थी। इस शिकायत में स्कूल के निकट अतिक्रमण की बात कही गई। इस शिकायत पर ही 14 अक्टूबर को पालिका के कर्मचारी स्कूल के निकट से अतिक्रमण को हटाने आए। लेकिन पालिका की जेसीबी ने स्कूल की दीवार को भी धराशायी कर दिया। 
स्कूल की प्रबंध समिति के सदस्यों ने पालिका के कार्मिकों को जमीन के दस्तावेज भी दिखाए लेकिन फिर भी जेसीबी से स्कूल की दीवार को तोड़ दिया गया। पालिका की इस कार्यवाही से केकड़ी के आम लोगों में नाराजगी है। स्कूल में पढऩे वाले 1300 विद्यार्थियों के अभिभावक भी पालिका की इस द्वेषतापूर्ण कार्यवाही से बेहद खफा है। स्कूल की प्रबंध समिति की ओर से पालिका और उसके कार्मिकों के विरुद्ध पुलिस में एफआईआर भी दर्ज करवाई गई है। रामस्वरूप माहेश्वरी, मुरारीलाल अग्रवाल, किशन प्रकाश सोनी, काशीराम विजय, सुभाष भाल, घनश्याम नागौरिया आदि ने केकड़ी के उपखंड अधिकारी सुरेन्द्र सिंह राजपुरोहित से मुलाकात कर पालिका के दोषी कार्मिकों के विरुद्ध कार्यवाही करने की मांग की है। राजपुरोहित को दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि स्कूल की जितनी दीवार तोड़ी गई है, उतनी सरकारी खर्चे पर दोबारा से बनवाई जाए। लॉकडाउन की वजह से स्कूलों का संचालन करना पहले ही मुश्किल हो रहा है, इस पर द्वेषतापूर्ण कार्यवाही कर स्कूल को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया है।
एक अधिकारी के पास तीन प्रभार:
चूंकि केकड़ी का प्रतिनिधित्व प्रदेश के चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा करते हैं, इसलिए केकड़ी के प्रशासन में रघु शर्मा के इशारे के बगैर कोई काम नहीं होता। यही वजह है कि एक महिला अधिकारी के पास अजमेर जिले की तीन स्थानीय निकाय का प्रभार है। श्रीमती सीता वर्मा को पूर्व में केकड़ी विधानसभा क्षेत्र की सरवाड़ नगर पालिका का अधिशाषी अधिकारी नियुक्त किया गया था। लेकिन बाद में श्रीमती वर्मा को केकड़ी नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी का चार्ज भी दे दिया गया। हाल ही में श्रीमती वर्मा को किशनगढ़ नगर परिषद के आयुक्त का चार्ज भी दिया गया है। यानि मौजूदा समय में श्रीमती वर्मा एक साथ तीन तीन पदों पर काम कर रही हैं। ऐसा राजनीतिक संरक्षण के बगैर संभव नहीं है। यहां यह खासतौर से उल्लेखनीय है कि गत 20 अगस्त को निर्वाचित पार्षदों और निकाय प्रमुखों का कार्यकाल समाप्त हो गया। ऐसे में अधिशाषी अधिकारी ही पालिका में अध्यक्ष की भूमिका निभा रहे हैं।







