- रोडवेज की बसें रात 12 बजे से ही बंद। मंडियां भी सूनी।
- कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बंद करवाई दुकानें।
- जयपुर में भाजपा मुख्यालय पर पत्थरबाजी। अजमेर में भी बंद सफल।
जयपूर (एस.पी.मित्तल) – किसान आंदोलन के समर्थन में 8 दिसम्बर को राजस्थान में भी बंद पूरी तरह सफल रहा। हालांकि तीन कृषि कानूनों के विरोध में राजस्थान में किसानों का कोई बड़ा आंदोलन नहीं हुआ। लेकिन कांग्रेस ने किसानों के भारत बंद को समर्थन दिया।
यही वजह रही कि अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने 8 दिसम्बर के बंद को सफल बनाने के लिए रात 12 बजे से ही रोडवेज की बसों का संचालन प्रदेशभर में रोक दिया। आमतौर पर रोडवेज की बसों का संचालन तोडफ़ोड़ की आशंका के मद्देनजर किया जाता है। लेकिन बंद को कांग्रेस का समर्थन रहा इसलिए सरकारी स्तर पर ही बंसों के संचालन पर रोक लगा दी। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लाखों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदेश भर की सरकारी मंडियों को बंद रखने का इशारा पहले ही कर दिया गया था, इसलिए 8 दिसम्बर को मंडियां भी सूनी पड़ी रहीं।
कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दुपहिया वाहनों पर घूम घूम कर दुकानों को बंद करवाया। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में पुलिस मूक दर्शक बनी रही। हालांकि आम लोगों को रोजाना कोविड-19 की पाबंदियों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन बंद के दौरान ऐसे नियमों की जमकर धज्जियाँ उड़ी। पुलिस ने किसी भी प्रदर्शनकारी को रोकने का प्रयास नहीं किया। जयपुर में कांग्रेस के कार्यकर्ता भाजपा के मुख्यालय तक पहुंच गए। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास नहीं किया। यही वजह रही कि बंद के दौरान भाजपा कार्यालय पर जमकर पत्थरबाजी हुई।
अजमेर में भी बंद सफल:
भारत बंद के अंतर्गत 8 दिसम्बर को अजमेर में भी बंद पूरी तरह सफल रहा। शहर कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष विजय जैन के नेतृत्व में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से बंद करवाया। हालांकि कई स्थानों पर दुकानों को जबरन बंद करवाया गया, लेकिन विजय जैन ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की। असल में राज्य सरकार के रुख को देखते हुए अजमेर में भी लोगों ने स्वैच्छा से प्रतिष्ठान बंद रखे। कई व्यापारियों का कहना रहा कि कोरोना काल में कारोबार का पहले भी बुरा हाल है। तो अब बंद जैसे कदमों से व्यापारियों को और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बंद के सफल होने पर शहर अध्यक्ष जैन ने नागरिकों का आभार जताया है।







