- किशनगढ़ में कांग्रेस और भाजपा के लिए मुसीबत बने हैं निर्दलीय विधायक सुरेश टाक के उम्मीदवार।
- केकड़ी के समाजसेवी अनिल मित्तल ने राम मंदिर निर्माण के लिए 51 लाख रुपए का चैक दिया।
अजमेर (एस.पी.मित्तल) – अजमेर नगर निगम के साथ साथ किशनगढ़ नगर परिषद तथा केकड़ी, बियजनगर और सरवाड़ नगर पालिकाओं के चुनाव भी 28 जनवरी को होने हैं। केकड़ी प्रदेश के चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा का निर्वाचन क्षेत्र है। केकड़ी में कांग्रेस उम्मीदवारों की स्थिति को देखते हुए अब रघु शर्मा को स्वयं केकड़ी आना पड़ा है।
22 जनवरी को रघु शर्मा ने केकड़ी और सरवाड़ नगर पालिकाओं के कांग्रेस के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार किया। रघु ने बताया कि मंत्री बनने के बाद में केकड़ी में कितना विकास करवाया है। उन्होंने सरकारी अस्पताल की उपलब्धियाँ भी गिनाई। असल में केकड़ी में बढ़ती नाराज़गी के कारण रघु को पालिका चुनाव में प्रचार के लिए आना पड़ा है। हाल ही में सम्पन्न हुए पंचायत के चुनाव में भी कांग्रेस को केकड़ी में हार का सामना करना पड़ा था।
तीन पंचायत समितियों में से दो में कांग्रेस की हार हुई, इसी प्रकार कांग्रेस से जुड़े जिला परिषद के पांचों वार्डों में कांग्रेस के उम्मीदवार हार गए। भाजपा का कहना है कि केकड़ी नगर पालिका के चुनाव में भी रघु शर्मा को सबक सिखाया जाए। भाजपा के प्रदेश नेतृत्व को लेकर रघु शर्मा ने जो टिप्पणियां की है उससे भी भाजपा के कार्यकर्ता खफा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने भी कहा है कि केकड़ी में ही रघु शर्मा की हेकड़ी निकाली जाएगी। रघु शर्मा का निर्वाचन क्षेत्र होने की वजह से केकड़ी नगर पालिका के चुनाव प्रदेश भर में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
फिर नहीं लगाया मास्क:
22 जनवरी को रघु शर्मा ने केकड़ी शहर में कई कार्यक्रमों में भाग लिया, लेकिन सार्वजनिक समारोह में रघु ने मास्क नहीं लगाया। बगैर मास्क के ही सभाओं को संबोधित किया। चिकित्सा मंत्री होने के नाते रघु शर्मा लगातार संदेश दे रहे हैं कि अभी कोरोना का संक्रमण समाप्त नहीं हुआ है, इसलिए मास्क लगाना अनिवार्य है। प्रचार माध्यमों में भी कहा जा रहा है कि कोविड-19 के सुरक्षा नियमों का पालना करना अनिवार्य है, लेकिन इसके बाद भी चिकित्सा मंत्री स्वयं भीड़ वाले समारोह में मास्क नहीं लगा रहे हैं।
यहां यह खासतौर से उल्लेखनीय है कि रघु शर्मा ने पंचायतीराज के चुनाव में भी केकड़ी में गांव-गांव, ढाणी ढाणी प्रचार किया था, तब भी उन्होंने मास्क नहीं लगाया। मास्क नहीं लगाने की वजह से ही रघु शर्मा केकड़ी में ही कोरोना संक्रमित हो गए। बाद में रघु को अस्पताल में भी भर्ती करवाना पड़ा। जो गलती पंचायतीराज चुनाव में की गई वो ही गलती अब नगर पालिका के चुनाव में की जा रही है।
विधायक के उम्मीदवार मुसीबत बने:
जिले के किशनगढ़ नगर परिषद के 60 वार्डों में से 42 वार्डों में निर्दलीय विधायक सुरेश टाक ने अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं, इसके लिए प्रगति मंच भी बनाया गया है। हालांकि टाक प्रदेश स्तर पर कांग्रेस की सरकार को समर्थन दे रहे हैं। लेकिन नगर परिषद के चुनाव में अपना वजूद बनाए रखने के लिए 42 वार्डों में प्रगति मंच के उम्मीदवार खड़े कर दिए हैं। विधायक के उम्मीदवारों की वजह से कांग्रेस और भाजपा दोनों को परेशानी है। ज्यादा परेशानी कांग्रेस को ही है।
माना जा रहा है कि चुनाव में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिलेगा, ऐसे में विधायक टाक के विजयी उम्मीदवारों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी, यह बात अलग है कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ने ही बहुमत हासिल करने का दावा किया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि टांक भले ही विधानसभा का चुनाव जीत गए हो, लेकिन अब नगर परिषद के चुनाव में उनका कोई प्रभाव नहीं है।
51 लाख चैक सौंपा:
अजमेर जिले के केकड़ी उपखंड के प्रमुख समाजसेवी अनिल मित्तल ने अयोध्या में बनने वाले भगवान राम के मंदिर के लिए 51 लाख रुपए की राशि दान दी है। मित्तल ने 21 जनवरी को 51 लाख रुपए का चैक राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचार धर्मराज को सौंपा। इस अवसर पर लालाराम, रामनरेश, यशवंत बेली आदि भी उपस्थित रहे। यह चैक श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के नाम से दिया गया है। मित्तल ने कहा कि सहयोग राशि उनके गुरु जैन संत प्रसन्न सागर महाराज, पिता महावीर प्रसाद मित्तल तथा माताजी मुन्नी देवी की प्रेरणा से दी गई है।
उन्होंने कहा कि भगवान राम की जन्मस्थली पर मंदिर का निर्माण होना सभी भारतवासियों के लिए गर्व की बात है। मोबाइल नम्बर 9928021482 पर अनिल मित्तल को शुभकामनाएं दी जा सकती है। इसी प्रकार अजमेर के रेल अधिकारी और राम भक्त ललित शर्मा ने भी राम मंदिर निर्माण के लिए एक लाख 11 हजार रुपए का चैक राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के महानगर संघ चालक सुनील दत्त जैन को दिया है। जैन ने शर्मा का आभार जताया है। मोबाइल नम्बर 9414416461 पर ललित शर्मा को शुभकामनाएं दी जा सकती है।







