सुल्तानपूर (उत्तरप्रदेश ब्यूरो चीफ सय्यद एजाज अहमद) – त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2021 की मतगणना को सकुशल, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने हेतु आज पं0 राम नरेश त्रिपाठी सभागार में जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी(पं0) रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में समस्त जोनल मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, जोनल मतगणना मजिस्ट्रेट, निर्वाचन अधिकारी(आर0ओ0), खण्ड विकास अधिकारी के साथ बैठक आयोजित की गयी।
जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी(पं0) श्री गुप्ता ने सभी जोनल मजिस्ट्रेटों को निर्देशित करते हुए कहा कि मतगणना का कार्य बहुत ही महत्वपूर्ण कार्य है। इस कार्य को पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराया जाय। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि मतगणना स्थल के 200 मीटर की परिधि में वैरीकेटिंग आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाय। उन्होंने सभी जोनल मजिस्ट्रेट को निर्देशित करते हुए कहा कि कोविड-19 को दृष्टिगत रखते हुए लाकडाउन के गाइड लाइन का पालन कराया जाय और मतगणना स्थलों पर अनावश्य भीड़ कादापि न लगने पाये। उन्होनंे यह भी निर्देशित किया मतगणना के समय लाइट जाने पर तत्काल आटो कट जनरेटर की व्यवस्था रहेगी, जिससे मतगणना में किभी प्रकार की असुविधा न हो और सभी जोनल मजिस्ट्रेट मतगणना से सम्बन्धित प्रपत्र पहले से ही भर लेंगे, जिससे मतगणना में असुविधा न हो।
उन्होंने सभी जोनल मजिस्ट्रेटों को निर्देशित करते हुए कहा कि मतगणना का कार्य निर्धारित समय प्रातः 08 बजे से प्रारम्भ कर दिया जाय, जिससे निश्चित समय के अन्तर्गत लोगों को परिणाम प्राप्त हो सके। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि राज्य निर्वाचन आयोग के गाइड लाइन के अनुरूप मतगणना की समस्त प्रक्रिया का सकुशल सम्पन्न कराया जाय। सभी जोनल मजिस्ट्रेट दिये गये दायित्वों का शत-प्रतिशत निर्वहन करें और मतगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न करायें।
पुलिस अधीक्षक डाॅ0 विपिन कुमार मिश्रा ने सभी जोनल मजिस्ट्रेटों को अवगत कराया कि मतगणना के समय सभी मतगणना स्थलों पर सी0सी0टी0वी0 कैमरा की व्यवस्था की गयी है। आप सभी को बड़ी सावधानी से निष्पक्ष रूप से मतगणना सम्पन्न कराना है। यदि कोई भी मतगणना कार्मिक या मतगणना अभिकर्ता राज्य निर्वाचन आयोग के गाइड लाइन के विपरीत कार्य करेगा, तो उसके खिलाफ विधिक कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने यह भी बताया कि कोविड-19 के दृष्टिगत मतगणना के दिन जनपद में लाकडाउन रहेगा। ऐसी स्थिति में कोविड-19 गाइड लाइन का पालन न करने वालों व मतगणना स्थल पर अव्यवस्था उत्पन्न करने वालों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने सभी जोनल मजिस्ट्रेटों को यह भी अवगत कराया कि मतगणना के समय सभी मतगणना स्थलों पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गयी है।
स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर/जिला विकास अधिकारी डाॅ0 डी0आर0 विश्वकर्मा ने बैठक में सभी जोनल मजिस्ट्रेटों को अवगत कराया कि मतगणना में सभी प्रकार के प्रपत्रों को सावधानी से भरकर मतगणना शुरू करायें, जिससे मतगणना में किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाये और मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके।
इस अवसर अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) उमाकान्त त्रिपाठी, वरिष्ठ कोषाधिकारी वरूण खरे, उप निदेशक कृषि शैलेन्द्र कुमार शाही, जिला सूचना अधिकारी डाॅ0 धीरेन्द्र कुमार यादव, जिला प्रशिक्षण अधिकारी डाॅ0 संतोष कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित समस्त जोनल मजिस्ट्रेट, जोनल मतगणना मजिस्ट्रेट, निर्वाचन अधिकारी(आर0ओ0), खण्ड विकास अधिकारी आदि उपस्थित रहे।






