दिव्यांगों के लिए वैक्सीनेशन के कैंप अलग से लगेंगे।

45 वर्ष वालों के लिए अजमेर के शास्त्री नगर में 23 मई को वैक्सीनेशन कैम्प।

अजमेर (एस.पी.मित्तल) – अजमेर संभाग के सबसे बड़े जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में मौजूदा समय में भी 500 से भी ज्यादा कोरोना संक्रमित मरीज भर्ती हैं। इनमें से 20 से ज्यादा मरीज वेंटीलेटर पर हैं। अस्पताल में अजमेर ही नहीं आसपास के जिलों का खासकर नागौर के मरीज भी भर्ती हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों और अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों के अनुसार 21 मई को रात साढ़े बारह बजे अस्पताल के कोविड वार्ड (ट्रामा) में ऑक्सीजन की सेंट्रल लाइन में गड़बड़ी हो गई। इससे अनेक मरीजों के ऑक्सीजन का फ्लो कम हो गया, कई मरीजों का ऑक्सीजन सैचुरेशन 20 तक आ गया। इससे पूरे अस्पताल में हड़बड़ी मच गई। चिकित्सा कर्मियों ने तुरंत ही अनेक मरीजों के ऑक्सीजन सिलेंडर लगाए ताकि उनकी जान बचाई जा सके। इतनी तत्परता दिखाने के बाद भी देहली गेट निवासी भगवती देवी और नागौर के परबतसर निवासी संतोष की मृत्यु हो गई।

परिजनों का कहना है कि यदि चिकित्सा कर्मी तत्परता नहीं दिखाते तो इससे ज्यादा भी मौते हो सकती थी। हालांकि यह घटना 21 मई की रात को करीब डेढ़ बजे की है, लेकिन घटना के 12 घंटे बाद भी अस्पताल प्रशासन घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे सका। इससे मामला और उलझ रहा है। कोरोना संक्रमण में जब लोगों की मृत्यु ज्यादा हो रही है तब ऑक्सीजन की वजह से दो जनों की मृत्यु होना बेहद गंभीर है। जानकार सूत्रों के अनुसार घटना की गंभीरता को देखते हुए ही प्रदेश के चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा ने जानकारी ली है। रघु शर्मा ने जानना चाहा कि सेंट्रल लाइन में ऑक्सीजन के प्रवाह में गड़बड़ी कैसे हुई? क्या इस मामले में कोई लापरवाही बरती गई? अस्पताल के चिकित्सा अधिकारियों ने अपने नजरिए से मंत्री को जवाब दिया है, लेकिन इस घटना को बेहद गंभीर माना जा रहा है।

दिव्यांगों के लिए कैंप:
राजस्थान महिला कल्याण मंडल अजमेर के निदेशक राकेश कौशिक ने बताया कि दिव्यांग जनों के लिए अब कोविड वैक्सीनेशन के कैंप अलग से लगाए जाएंगे। इसके साथ ही आम जनों के लिए वैक्सीनेशन के जो कैंप लग रहे हैं उनमें दिव्यांग व्यक्तियों को प्राथमिकता दी जाएगी। कौशिक ने बताया कि दिव्यांगों की समस्याओं को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का ध्यान आकर्षित किया गया था। अब राज्य सरकार ने दिव्यांगों के लिए अलग से कैंप लगाने के निर्देश दे दिए हैं। अजमेर जिले में उनकी संस्था की भूमिका भी रहेगी। इस संबंध में और अधिक जानकारी मोबाइल न 7976157902 पर राकेश कौशिक से ली जा सकती है।

वैक्सीनेशन कैंप:
श्री अग्रवाल पंचायत धड़ा सोल थम्बा संस्था अजमेर की ओर से 23 मई को शास्त्री नगर स्थित सामुदायिक भवन में प्रातः 9 बजे से वैक्सीनेशन कैंप लगाया जाएगा। कैम्प के प्रतिनिधि हेमंत गोयल ने बताया कि इस कैंप में 45 वर्ष से अधिक वालों का वैक्सीनेशन किया जाएगा। जिन व्यक्तियों को दूसरी डोज लगनी है उनकी पहली डोज में 90 दिन का अंतराल होना जरूरी है। जिन व्यक्तियों को पहली डोज के 90 दिन पूरे नहीं हुए हैं, वे कैम्प में न आए। वैक्सीनेशन के लिए आधार कार्ड लाना जरूरी है। कैंप के बारे में और अधिक जानकारी रवि गर्ग (9887241510) संदीप बंसल (9829231667), धनेश गोयल (9829596597), हेमंत गोयल (9413671436) व दिनेश बुंदल (9414003541) नम्बर पर ली जा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here