- अजमेर के तीस से भी ज्यादा धार्मिक स्थलों की मिट्टी और जल अयोध्या पहुंचेगा।
- अजमेर की मंडियों में सब्जी विक्रेताओं का कोरोना टेस्ट होगा। रात आठ बजे दुकानें बंद करवाने पर विचार।
- कलेक्टर से मिला व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल।
जयपूर (एस.पी.मित्तल) – यूपी के अयोध्या में बनने वाले भगवान राम के मंदिर के 5 अगस्त को होने वाले भूमि पूजन समारोह में अजमेर
के किशनगढ़ क्षेत्र स्थित निम्बार्क पीठ के आचार्य श्यामशरण महाराज भी भाग लेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में होने वाले भूमि पूजन समारोह में देशभर से 200 प्रमुख व्यक्तियों, साधु संतों, धार्मिक पीठों के आचार्यों आदि को आमंत्रित किया गया है। भूमि पूजन के लिए आचार्य श्यामशरण ने निम्बार्क पीठ परिसर की मिट्टी और जल भी अयोध्या भेजा है। विश्वहिन्दू परिषद के विभाग मंत्री शशिप्रकाश इंदौरिया और लेखराज सिंह राठौड़ ने बताया कि जिले के तीस से भी ज्यादा धार्मिक, सामाजिक स्थलों की मिट्टी और जल अयोध्या भेजा जा रहा है, ताकि मंदिर निर्माण में काम आ सके। ऐसी पवित्र सामग्री रथ के माध्यम से भेजी जा रही है। एक रथ 28 जुलाई को ही ब्यावर से अयोध्या के लिए रवाना हुआ है। अजमेर के जिन पवित्र स्थलों की मिट्टी व जल भेजा जा रहा है, उनमें पवित्र पुष्कर सरोवर, नारेली स्थित ज्ञानोदय तीर्थ, गनाहेड़ा स्थित दिव्य मुरारी बापू का आश्रम, सुरसुरा स्थित वीर तेजाजी मंदिर, बीसलपुर स्थित बीसलदेव मंदिर, केकड़ी स्थित निर्मलेश्वर महादेव मंदिर, चारभुजा धाम, आशापुरा माता मंदिर, अजमेर के फॉयसागर रोड स्थित चामुंंडा माता मंदिर, धोलाभाटा स्थित बाबारामदेव मंदिर, हाथीखेड़ा स्थित एकेश्वर महादेव मंदिर, रामनगर स्थित करंट वाले बालाजी, बिहारी गंज स्थित गोपालेश्वर महादेव मंदिर, अजयरगर स्थित उदासीन आश्रम, बजरंगगढ़ चौराहा स्थित सीताराम मंदिर, बाबूगढ़ स्थित बालाजी मंदिर, भगवानगंज स्थित शहीदअविनाश माहेश्वरी स्कूल, पुष्कर रोड स्थित आदर्श विद्या निकेतन, गौतम नगर स्थित शीतल शिव मंदिर, पुलिस लाइन स्थित हनुमान शीतला मंदिर, भोपो का बाड़ा स्थित मंदिर, सिद्धगणेश मंदिर, ऋषि घाटी स्थित घाटीवाले बालाजी मंदिर, भोपो का बाड़ा स्थित जय अम्बे मंदिर, मीराशाहली स्थित शिव मंदिर, घूघरा घाटी स्थित भैरव मंदिर, सुभाष नगर स्थित बालाजी मंदिर, कंचन नगर स्थित बालाजी मंदिर आदि शामिल है।
कलेक्टर से मिला प्रतिनिधि मंडल:
28 जुलाई को अजमेर शहर व्यापार महासंघ के प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित और पुलिस अधीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप से मुलाकात की। दिए गए ज्ञापन पर कलेक्टर ने भरोसा दिलाया कि शहर की सब्जी मंडियों में सब्जी विक्रेताओं का कोरोना टेस्ट करवाया जाएगा तथा मंडियों में फिजिकल डिस्टेंसिंग को सुनिश्चित किया जाएगा। व्यापारियों का कहना था कि कोरोना काल में सब्जी मंडियों में फिजिकल डिस्टेसिंग की पालना नहीं होने से भी कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। शहर के अधिकांश लोग मंडियों से ही सब्जियां खरीदते हैं। रात 8 बजे तक शहर की दुकानें बंद करने के प्रस्ताव पर कलेक्टर ने कहा कि नियमों का अध्ययन और आपसी सहमति के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। व्यापारियों का कहना था कि श्रम कानून के तहत रात 8 बजे तक दुकानें बंद करवाई जाए। इसमें होटल और रेस्टोरेंट को छूट दी जा सकती है। बाजारों में नियमित सैनेटाइजेशन, पार्किंग सुविधा, वेडिंग और नॉनवेडिग जोन में नियमों की पालना, भीड़ वाले बाजारों से बिजली के ट्रांसफार्मर पोल हटाने, पानी की आपूर्ति नियमित समय पर करने आदि की समस्याओं के समाधान का भी भरोसा कलेक्टर ने दिया। शिष्टमंडल में महासंघ के अध्यक्ष किशनगुप्ता, अशोक बिंदल, भगवान चंदीराम, नरेन्द्र छाबड़ा, विकास अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, राकेश डिडवानिया, प्रवीण जैन, विवेक जैन, कमल गंगवाल आदि शामिल थे। व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं और समाधान को लेकर मोबाइल नम्बर 9414666374 पर महासंघ के अध्यक्ष किशन गुप्ता से सम्पर्क किया जा सकता है।







