- अजमेर में स्मार्ट सिटी के कामों की जांच के लिए भाजपा की कमेटी बनेगी।
- रिपोर्ट केन्द्र सरकार को दी जाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोला।
- राजस्थान में वैक्सीन लगाने का काम फिर बंद करना पड़ेगा-मुख्यमंत्री अशोक गहलोत।
अजमेर (एस.पी.मित्तल) – राजस्थान से राज्यसभा के सांसद भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव 23 जून को अजमेर प्रवास पर रहे। यादव ने सुबह शहर जिला भाजपा की बैठक में भाग लिया और दोपहर को पत्रकारों से संवाद किया। यादव ने कहा कि जब राजस्थान की जनता को सरकार की मदद की जरूरत है। तब अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार आंतरिक विवादों में उलझी हुई है। मुख्यमंत्री का ध्यान कोरोना प्रबंधन की बजाए अपनी सरकार को बचाने में लगा हुआ है।
केन्द्र सरकार ने जो वैक्सीन दी उसमें से 11 लाख डोज बर्बाद हो जाना यह बताते हैं कि राजस्थान में कोरोना नियंत्रण का प्रबंधन कैसा है। यादव ने कहा कि केन्द्र सरकार ने मांग के अनुरूप ऑक्सीजन उपलब्ध करवाया, लेकिन फिर भी मुख्यमंत्री केन्द्र सरकार पर असहयोग का आरोप लगाते रहे। उन्होंने कहा कि जब अजमेर में ऑक्सीजन सिलेंडरों की जांच करवाई गई तो पता चला कि ऑक्सीजन बड़ी मात्रा में लीकेज हो रही है। यदि सिलेंडरों का लीकेज रोक दिया जाता तो ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं थी।
राज्य सरकार ने जिस प्रकार वैक्सीन बर्बाद की उसी प्रकार ऑक्सीजन को भी बर्बाद कर दिया। यादव ने कहा कि अशोक गहलोत देश के पहले मुख्यमंत्री होंगे जो कोरोना काल में दो माह के लिए क्वारंटीन हो गए हैं। मुख्यमंत्री का क्वारंटीन होना कोई स्वास्थ्य कारणों की वजह से नहीं है बल्कि उसके पीछे राजनीतिक कारण है। यादव ने कहा कि अब अशोक गहलोत की सरकार को चले जाना चाहिए। यह सरकार जितनी जल्दी रुखसत होगी उतनी जल्दी प्रदेश की जनता को राहत मिलेगी।
यादव ने आरोप लगाया कि विरोधियों का मुंह बंद करने के लिए एसीबी और दूसरी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। टेलीफोन टैपिंग के आरोप खुद कांग्रेस के विधायक लगा रहे हैं। यादव ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार सभी राज्यों को बिना भेदभाव के सहायता उपलब्ध करवा रही है। लेकिन राजस्थान में केन्द्रीय मदद का सदुपयोग नहीं हो रहा है।
स्मार्ट सिटी के कार्यों की जांच:
यादव ने कहा कि अजमेर में स्मार्ट सिटी के जो कार्य चल रहे हैं उनकी जांच के लिए भाजपा की एक कमेटी बनाई जाएगी। कमेटी की रिपोर्ट केन्द्र सरकार के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी की योजना केन्द्र सरकार की है। लेकिन अजमेर में इस योजना का दुरुपयोग हो रहा है। निर्माण कार्यों में न केवल भ्रष्टाचार हो रहा है बल्कि जो कार्य राज्य सरकार को करना चाहिए उन्हें भी स्मार्ट सिटी योजना में शामिल कर लिया गया है। यादव ने कहा कि अजमेर के अंतर्राष्ट्रीय महत्व को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्मार्ट शहर बनाने का निर्णय लिया था। लेकिन करोड़ों रुपया खर्च किए जाने के बाद भी अजमेर स्मार्ट नहीं बना पा रहा है।
सेवा का संकल्प:
23 जून को श्रीनगर रोड स्थित होटल दाता इन में शहर भाजपा के पदाधिकारियों को संबोधन करते हुए यादव ने कहा कि भाजपा ने राजनीतिक दलों की परिभाषा को भी बदला है। कार्यकर्ताओं की भूमिका सिर्फ राजनीति तक ही सीमित नहीं होनी चाहिए। भाजपा ने सेवा का संकल्प लेकर भी काम किया है। कोरोना काल में भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं ने घर घर जाकर जरुरतमंद लोगों को सहायता उपलब्ध करवाई है। इससे पहले यादव ने आदर्श नगर स्थित सार्वजनिक उद्यान में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर मेयर बृजलता हाड़ा, विधायक वासुदेव देवनानी, अनिता भदेल, शहर भाजपा अध्यक्ष प्रियशील हाड़ा, डिप्टी मेयर नीरज जैन आदि भी उपस्थित रहे।
वैक्सीन लगाने का काम फिर बंद करना पड़ेगा:
23 जून को बीकानेर संभाग में विकास कार्यों के शिलान्यास करने के अवसर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि यदि 24 जून तक केन्द्र सरकार से वैक्सीन नहीं मिली तो मजबूरन राजस्थान में वैक्सीन लगाने का काम बंद करना पड़ेगा। गहलोत ने कहा कि हमें 2 करोड़ 22 लाख डोज मिले थे, उसमें से 22 जून तक 2 करोड़ 20 लाख डोज लगा दिए गए हैं। जो 2 लाख डोज बचे हैं उन्हें भी एक-दो दिन में लगा दिया जाएगा। अब यदि 24 जून को केन्द्र सरकार से सप्लाई नहीं मिली है तो मजबूर वैक्सीन लगाने का काम बंद करना पड़ेगा।
गहलोत ने कहा कि वर्चुअल तकनीक से बीकानेर के सांसद और केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल भी मेरा मेघवाल से आग्रह है कि केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री के पास धरना देकर बैठ जाए और राजस्थान में वैक्सीन की सप्लाई करवाए। गहलोत ने कहा कि मैंने पहले भी प्रधानमंत्री से कहा है कि राजस्थान के साथ भेदभाव हो रहा है। दूसरे राज्यों को इतनी वैक्सीन दी जा रही है कि उनके स्टॉक में रखी हुई है, जबकि राजस्थान में वैक्सीन हमारी क्षमता के अनुरूप नहीं दी जा रही। राजस्थान वैक्सीन लगाने में अव्वल रहा है। गहलोत ने कहा कि जुलाई माह में 75 लाख लोगों को वैक्सीन का दूसरा डोज लगाया जाना है। ऐसे में केन्द्र सरकार को वैक्सीन की सप्लाई बढ़ानी चाहिए।






