टीम राजस्थान के नेतृत्व में बनेगी भाजपा की सरकार।

  • अजमेर जिले में केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव की जन आशीर्वाद यात्रा का भव्य स्वागत।
    यादव के समक्ष नेताओं में शक्ति प्रदर्शन की होड़।
  • भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया पूरी यात्रा में साथ। 6 जिलों के पंचायत राज चुनाव में भी भाजपा की जीत होगी।

अजमेर (एस.पी.मित्तल) : केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की जन आशीर्वाद यात्रा ने 20 अगस्त को बांदरसिंदरी सीमा से अजमेर जिले में प्रवेश किया। चूंकि अजमेर यादव का गृह जिला है, इसलिए जगह जगह यात्रा का भव्य स्वागत हो रहा है। विधानसभा क्षेत्रों में टिकट के दावेदार भाजपा नेताओं ने यादव के समक्ष शक्ति प्रदर्शन की होड़ मची हुई है। भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं को लगता है कि अगले विधानसभा चुनाव में भूपेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

यादव की जन आशीर्वाद यात्रा के महत्व का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि राजस्थान में पूरी यात्रा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया साथ हैं। जिस जिले से यात्रा गुजरती है उस जिले के भाजपा सांसद और अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहते हैं। केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, अलवर के सांसद बाबा बालकनाथ भी यात्रा में लगातार साथ हैं। अजमेर जिले में भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता और विधायक अनिता भदेल भी साथ हैं। जगह जगह हो रही सभाओं में यादव का कहना है कि जन आशीर्वाद यात्रा में कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखने से साफ जाहिर है कि वर्ष 2023 में टीम राजस्थान के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी। यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अड़ंगेबाजी के कारण केंद्र की अनेक योजनाओं का लाभ प्रदेश के नागरिकों को नहीं मिल रहा है।

ajmer-janashirwad-yatra

सबसे ज्यादा गुस्सा किसानों में है। गत विधानसभा क चुनाव में राहुल गांधी ने वादा किया था कि कांग्रेस की सरकार बनने पर 10 दिन में सभी किसानों का कर्जा माफ कर दिया जाएगा। लेकिन ढाई साल गुजर जाने के बाद भी कांग्रेस की सरकार ने सभी किसानों का कर्जा माफ नहीं किया है। बैंकों से किसानों की संपत्तियों को कुर्क करने के नोटिस आ रहे हैं। यादव ने कहा कि कांग्रेस ने झूठे वादे कर सरकार तो बना ली, लेकिन अब प्रदेश के मतदाता पछता रहे हैं। यादव ने कहा कि राजस्थान में भाजपा एकजुट है और टीम राजस्थान के नेतृत्व में ही भाजपा की सरकार बनेगी। यात्रा में लगातार साथ रहे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने आरोप लगाया कि मंत्रिमंडल में फेरबदल से बचने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 6 जिलों में पंचायती राज चुनाव की घोषणा करवा दी। पूनिया ने कहा कि पूर्व में 21 जिला परिषद के चुनाव में मात्र 5 जिलों में कांग्रेस के जिला प्रमुख ही बना पाए। आमतौर पर यह माना जाता है कि प्रदेश में सत्तारूढ़ पार्टी को स्थानीय निकाय और पंचायती राज के चुनाव में फायदा होता है। लेकिन राजस्थान में प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार से बेहद नाराज है। जिस प्रकार पिछले चुनावों में कांग्रेस को शिकस्त दी उसी प्रकार 6 जिलों में भी कांग्रेस को हराया जाएगा। सभा में प्रतिपक्ष के उपनेता राजेन्द्र सिंह राठौड़ का कहना होता है कि प्रदेश में सतीश पूनिया के नेतृत्व में भाजपा संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।

21 को होगा समापन:
केंद्रीय मंत्री यादव की 6 दिवसीय जन आशीर्वाद यात्रा का समापन 21 अगस्त को सलेमाबाद स्थित निम्बार्क पीठ के आचार्य श्याम शरण महाराज के आशीर्वाद के साथ समापन होगा। 21 अगस्त को यादव प्रात: 8 बजे फॉयसागर रोड स्थित चामुंडा माता मंदिर में दर्शन करेंगे और 9 बजे जल पान के लिए उत्तर क्षेत्र के भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी के निवास स्थान पर पहुंचेंगे। इसके बाद प्रातः 10 बजे दक्षिण क्षेत्र की भाजपा विधायक श्रीमती अनिता भदेल से नाका मदार में आयोजित पौधारोपण और 10:45 पर प्रकाश नगर नगरा में राशन वितरण के समारोह में भाग लेंगे। दोपहर 12 बजे यादव मेरवाड़ा एस्टेट होटल में पत्रकारों से संवाद करेंगे। इसके बाद सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और आमजनों से मुलाकात करेंगे। यादव दोपहर दो बजे वैशाली नगर स्थित अजयमेरु प्रेस क्लब में आयोजित मानद सदस्य अलंकरण समारोह में भी शामिल होंगे। क्लब के अध्यक्ष डॉ. रमेश अग्रवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम में सिर्फ क्लब के सदस्यों को ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद यादव का सलेमाबाद जाने का कार्यक्रम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here