जयपूर (एस.पी.मित्तल) – अजमेर में केबल के तार चुराने के आरोप में पुलिस ने खुशीराम और विक्रम सिंह को गिरफ्तार किया। कोतवाली थाना प्रभारी शमशेर खान ने बताया कि सुंदर विलास क्षेत्र से विगत दिनों केबल का बना बंडल चोरी हो गया था। शिकायत मिलने पर बंडल को फॉयसागर रोड निवासी रिंकू उर्फ अरुण के निवास से बरामद किया गया। रिंकू ने पुलिस को बताया कि बंडल को खुशीराम और विक्रम सिंह रख कर गए हैं। चूंकि दोनों आरोपी भी केबल का ही कार्य करते हैं, इसलिए अरुण को चोरी होने का अंदेशा नहीं रहा। खान ने बताया कि पुलिस पड़ताल में रिंकू की चोरी में कोई भूमिका सामने नहीं आई है। इसीलिए अब रिंकू को गवाह बनाया गया है। पुलिस की जांच जारी है। खान ने बताया कि इन दिनों शहर भर में केबल डालने का कार्य हो रहा है। केबल के छोटे बड़े बंडल खुले में पड़े रहते हैं। संबंधित ठेकेदार को चाहिए कि वह माल को सुरक्षित स्थानों पर रखें। आरोपी खुशीराम और विक्रम सिंह भी ठेकेदार के ही कर्मचारी है। रिंकू उर्फ अरुण भी केबल के ही कारोबार से जुड़ा हुआ है।







