भाजपा का कोई विधायक बाहर नहीं गया। जबकि मसूदा के कांग्रेसी विधायक राकेश पारीक और किशनगढ़ के निर्दलीय विधायक सुरेश टाक दिल्ली में अज्ञात स्थान पर।
जयपूर (एस.पी.मित्तल) – 8 अगस्त को राजस्थान के भाजपा विधायकों के गुजरात जाने की खबरों के बीच मैंने अजमेर जिले के पांचों भाजपा विधायकों से सम्पर्क किया। पांचों विधायकों ने कहा कि वे अपने अपने विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय हैं। अजमेर दक्षिण से भाजपा विधायक श्रीमती अनिता भदेल ने कहा कि वे धोलाभाटा स्थित अपने निवास स्थान पर मौजूद है। भदेल का कहना रहा कि बरसात में मकान की छत टपक रही है, इसलिए उसे मरम्मत करवाने का काम भी किया जा रहा है। पिछले दिनों कोरोना पॉजिटिव होने की वहज से फिलहाल लोगों से सीधा संवाद नहीं किया जा रहा, लेकिन मोबाइल पर क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। भदेल ने कहा कि वे भाजपा की मजबूत विधायक हैं। इसलिए इधर-उधर जाने की जरुरत नहीं है। इसी प्रकार उत्तर क्षेत्र के भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी ने बताया कि संगठन के कार्य से 7 अगस्त को जयपुर गए थे, लेकिन 8 अगस्त को दोपहर बाद वापस अजमेर आ गए हैं। फिलहाल वे अपने विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हैं। देवनानी ने कहा कि वे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के निर्देशों पर भाजपा में सक्रिय है। हम जैसे विधायकों को किसी सुरक्षित स्थान पर रखने की जरुरत नहीं है। पुष्कर के भाजपा विधायक सुरेश सिंह रावत ने कहा कि वे अपने क्षेत्र के धार्मिक स्थलों की मिट्टी के संग्रहण का काम कर रहे हैं। 1008 धार्मिक स्थलों की मिट्टी को एकत्रित कर वे अयोध्या ले जाएंगे। 8 अगस्त को भी उन्होंने अपने क्षेत्र में मिट्टी संग्रहण का काम किया है। रावत ने कहा कि उन्हें राजस्थान से बाहर जाने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। ब्यावर के भाजपा विधायक शंकर सिंह रावत ने बताया कि वे ब्यावर स्थित अपने कार्यालय में बैठकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। पार्टी जो निर्देश देगी उसकी पालना की जाएगी। इसी प्रकार नसीराबाद के भाजपा विधायक रामस्वरूप लाम्बा ने कहा कि वे अपने क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने 8 अगस्त को भी ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। लाम्बा ने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय सांवरलाल जाट भाजपा में वर्षों से सक्रिय रहे थे। मेरी वफादारी पूरी तरह पार्टी के साथ है।
दो विधायक अज्ञात स्थान पर:
अजमेर जिले में कुल 8 विधायक हैं, केकड़ी के विधायक रघु शर्मा प्रदेश के चिकित्सा मंत्री हैं और इस समय मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ खड़े हैं। रघु शर्मा दो चार चुनिंदा मंत्रियों में शामिल हैं जो अभी तक भी जैसलमेर नहीं गए हैं। करीब 100 विधायक जैसलमेर की होटलों में बंद हैं,लेकिन रघु शर्मा जयपुर में ही सक्रिय हैं। माना जा रहा है कि सरकार के काम काज के साथ साथ रघु शर्मा कांग्रेस के राजनीतिक घटना क्रम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जिले से कांग्रेस के दूसरे विधायक राकेश पारीक गत 9 जुलाई से ही सचिन पायलट के नेतृत्व में दिल्ली में अज्ञात स्थान पर हैं। मसूदा के विधायक राकेश पारीक दिल्ली में किस स्थान पर है, इसकी जानकारी किसी को भी नहीं है। पारीक सचिन पायलट के पक्के समर्थक है। किशनगढ़ के निर्दलीय विधायक सुरेश टाक भी दिल्ली में अज्ञात स्थान पर है। सुरेश टाक उन तीन निर्दलीय विधायकों में शामिल है, जिन पर अशोक गहलोत की सरकार को गिराने का आरोप है। हालांकि अब एसओजी ने सुरेश टाक वाले मामले में अदालत में एफआर प्रस्तुत कर दी है, लेकिन फिर भी सुरेश टांक अभी तक भी सामने नहीं आए हैं। टाक भी गत 9 जुलाई से ही लापता है। राकेश पारीक और सुरेश टाक से मोबाइल पर भी सम्पर्क नहीं हो रहा है।







