पटना (क्राइम संवाददाता) – परिजनों की मर्जी के बिना लड़की के प्रेम विवाह कर लेने के मामले में सनसनीखेज बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि राघोपुर रेलवे पुल के पास नेशनल हाइवे 31 पर हुई गोलीबारी की घटना में बदमाशों ने न सिर्फ बाइक सवार पिता-पुत्र को निशाना बनाया था, बल्कि बाढ़ कोर्ट में सुनवाई के बाद लड़की को वापस रिमांड होम ले जा रहे वाहन पर भी गोलियां बरसाई थीं। इसमें लड़की भी घायल हो गई है।
जानकारों की मानें तो हमलावरों ने पहले बाइक से जा रहे प्रेमी शिशुपाल को मौत की घाट उतारने की सोची। उसके बाद कथित प्रेमिका के ऊपर हमला कर उसकी भी हत्या करने की कोशिश की। घटना में लड़का और लड़की दोनों की हत्या की साजिश रची गयी थी, लेकिन दोनों सिर्फ जख्मी होकर रह गए। दोनों अभी पीएमसीएच में इलाजरत हैं।
आरोप लग रहा है कि लड़की के परिजन गांव में खुलेआम यह एलान कर चुके थे कि घर की इज्जत लूटने वालों को किसी भी हाल में नहीं बख्शेंगे। इसके लिए वे किसी भी हद तक जा सकते हैं। फिलहाल पुलिस ने इस घटना को अंजाम देने के शक में अलग-अलग जगहों से पांच लोगों को हिरासत में लिया है। एएसपी एवं थानाध्यक्ष अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी में जुटे हैं।







