बच्ची के साथ गलत हरकत कर रहे युवक को पकड़कर पीटा

पटना (क्राइम संवाददाता) – घर के बाहर खेल रही बच्ची को फुसलाकर पड़ोसी युवक ने गलत हरकत कर डाली। आसपास के लोगों ने युवक को रंगे हाथ पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। घटना बुधवार की दोपहर अगमकुआं थाना क्षेत्र के नया टोला स्लम बस्ती में घटी।
स्लम बस्ती में रहने वाली आठ वर्षीया बच्ची अपने झोपड़ी के आगे खेल रही थी। तभी पड़ोसी की नजर उस पर पड़ गयी। युवक बच्ची को फुसलाकर अपने झोपड़ी में ले गया और गलत हरकत करने लगा। थोड़ी देर बाद बच्ची की मां पहुंची और उसे वहां नहीं देखा तो बच्चों से पूछने लगी। बच्ची के साथ खेल रहे बच्चों ने बताया कि उसे पड़ोसी युवक अपने साथ ले गया है। इसके बाद महिला जब युवक के घर पहुंची तो उसे बच्ची के साथ गलत हरकत करते देख लिया और वह शोर मनाने लगी। महिला की आवाज सुनकर बस्ती के लोग जुट गए और युवक को पकड़कर डंडे से पिटने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही अगमकुआं पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। गंभीर रूप से जख्मी युवक को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। अगमकुआं थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने कहा कि बच्ची का मेडिकल टेस्ट कराया जा रहा है। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। छानबीन कर कानून को हाथ में लेने वालों पर भी कार्रवाई होगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here