9वीं की छात्रा से गैंगरेप, दरिंदगी का वीडियो बना किया वायरल

पटना (क्राइम रिपोर्टर) – बिहार के भोजपुर जिले में किताब लेकर मौसी के घर से लौट रही नौवीं कक्षा की छात्रा से गैंगरेप की घटना सामने आयी है। उसका वीडियो भी वायरल कर दिया गया है। यह घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कंवरा पावर ग्रिड के समीप की है।
वीडियो वायरल होने के बाद गुरुवार को छात्रा की ओर से आरा एससी-एसटी थाने में आवेदन दिया गया है। उसमें कंवरा गांव के ही चार युवकों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित छात्रा जिले के ही अन्य क्षेत्र की रहने वाली है। आवेदन के अनुसार छात्रा पिछले 19 अगस्त को किताब लेने जगदीशपुर के कंवरा गांव स्थित अपनी मौसी के घर गयी थी। दोपहर में किताब लेकर लौट रही थी। इस बीच कंवरा पावर ग्रिड के समीप चार युवकों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद झाड़ी में लेकर गये और बारी-बारी से चारों ने उसके साथ रेप किया। इस दौरान घटना का वीडियो भी बना लिया। साथ ही धमकी दी कि किसी को घटना की जानकारी दी, तो वीडियो वायरल कर दिया जायेगा। इससे डर कर उसने किसी को सूचना नहीं दी। इसके बावजूद वीडियो वायरल कर दिया गया।
गांव के ही कुछ लोगों को वीडियो मिला तो घटना की जानकारी हुई। इसके बाद किशोरी थाना पहुंची और आवेदन दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को वायरल वीडियो भी मिल गया है। उस आधार पर भी आरोपितों की पहचान व धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। एसपी हर किशोर राय ने बताया कि आवेदन मिला है। कार्रवाई की जा रही है। आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here