सुरत (संवाददाता) – गुजरात के सूरत के मगदल्ला में रहने वाली और इस्कॉन मॉल के एक स्पा में काम करने वाली
युवती का रविवार को घर में ही जला हुआ शव मिलने के बाद इलाके में हडकंप मच गया। कमरे से बाहर धुआं निकलने के बाद आसपास के लोगों ने मकान मालिक को बताया। सूचना पर पहुंची पुलिस घर के बाहर ताला बंद होने के बावजूद इसे एक्सीडेंट बता रही है और दरवाजे पर ताला लगे होने की बात पर चुप्पी साधे हुई है।
जानकारी के अनुसार, स्पा में काम करने वाली थाईलैंड की युवती वरिन्दा बुर्जोन उर्फ मिमी मगदल्ला गांव में स्थित भैया स्ट्रीट में किराए के मकान में रहती थी। रविवार को सुबह करीबन 7.30 बजे उसके कमरे से धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया तो आसपास के लोग जमा हो गए। इसके बाद मकान मालिक को घटना के बारे में बताया गया। मकान मालिक का दामाद हितेश कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसा तो उसे धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया। उसने तुरंत ही पानी फेंककर आग बुझाने की कोशिश की।
इसके बाद वहां जल रहे चादर को खींचा तो नीचे युवती का पैर दिखाई दिया। इसके बाद हितेश ने पुलिस को फोन करके घटना के बारे में बताया। जानकारी मिलते ही उमरा के थाना प्रभारी काफिले के साथ मौके पर पहुंच गए। एफएसएल, क्राइम ब्रांच और पीसीबी की टीम भी मौके पर पहुंच गई। उमरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर दुर्घटना की शिकायत दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। वहीं, फॉरेंसिक की टीम ने हत्या होने की आशंका जताई है। फिलहाल अभी तक यह तय नहीं हो पाया है कि हत्या हुई या हादसा है।
फोरेंसिक विभाग के डॉक्टरों ने हत्या की आशंका जताई है। डॉक्टरों का कहना है कि युवती को जलाकर मारा गया होगा। दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए सैम्पल लिए गए हैं। डॉ. गणेश मोटेकर ने बताया कि सोमवार को फोरेंसिक की टीम दोबारा मौके पर जाकर जांच कर सकती है। पुलिस की टीम सीसीटीवी फुटेज से मामले की जांच कर रही है। फुटेज में इनोवा कार में आते कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं। पुलिस को इन्ही पर आशंका है। हालांकि इनोवा कार में तीन लोग दिन में ही आए थे। पुलिस को एक और व्यक्ति पर आशंका थी, जबकि क्रॉस चेक करने पर वह दूध देने वाला निकला है।
पुलिस ने बताया कि युवती एक सहेली के साथ रहती थी। वह भरूच गई है। रात में वरिन्दा बुर्जोन की एक सहेली उससे मिलने भी आई थी। रात में ही उसकी सहेली वहां से चली गई थी। मृतक स्पा में काम करती थी। हालांकि अभी वह घर पर ही थी। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को रात 8.30 बजे ऑटो चालक युवती को घर के बाहर छोड़कर गया था। युवती ने अपनी सहेली को घर बुलाया था। रात में खाना खाने के बाद वह चली गई। इसके बाद कार में युवती के तीन ब्वॉयफ्रेंड आए थे। पड़ोसियों ने बताया रात में कमरे से झगड़ा होने की आवाज आ रही थी। रात में बाइक पर एक अज्ञात व्यक्ति भी घूमता हुआ सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है। वहीं युवती के पूर्व प्रेमी लालू पर भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि, युवती ने उसका फोन ब्लॉक कर रखा था।







