पटना में ASI को लाठी से पीटने वाला शराब माफिया गिरफ्तार

पटना (क्राइम संवाददाता) – राजधानी पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के आर ब्लॉक रेलवे लाइन के पास शराब तस्करों व पुलिस के बीच बीते शनिवार को हुई मुठभेड़ के दौरान एएसआई आशुतोष राय को लाठी और डंडों से पीटने वाले मुख्य अभियुक्तों में से एक अमन पासवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वीडियो में शराब माफिया अमन की ही तस्वीर सामने आयी थी, जिसमें वह बेरहमी से एएसआई को डंडे से पीटता दिख रहा है।
इससे पहले सोमवार को पुलिसकर्मियों पर किये गये प्राणघातक हमले में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया था। जेल भेजे गये आरोपितों में मुख्य आरोपित सुबोध पासवान का भाई विनोद पासवान, यारपुर डोमखाना का धर्मेंद्र समेत व एक अन्य शामिल है। इस मामले में करीब 10 और उपद्रवियों की पुलिस ने पहचान कर ली है। इनमें मुख्य आरोपिति सुबोध पासवान के भाई तथा उसके सहयोगी शामिल बताये गये हैं। पुलिस की छह टीमें इन उपद्रवियों को गिरफ्तार करने के लिए पटना सिटी, दानापुर, बाइपास, फुलवारीशरीफ, दीघा समेत अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
जक्कनपुर थाना प्रभारी मुकेश कुमार वर्मा के मुताबिक पकड़ा गया धर्मेंद्र व एक अन्य को पुलिस ने नशे की हालत में पकड़ा था। हालांकि, धर्मेंद्र व एक अन्य जो जेल भेजा गया है, उसका सुबोध तथा उसके परिवार से कोई लेना-देना नहीं है।
मुठभेड़ में गोली लगने से शराब धंधेबाज सुबोध जख्मी हो गया था। जांच कराने पर उसकी रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव पाई गई। उसे एम्स में पुलिस में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी का कहना है कि रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here