अजमेर के कोटड़ा स्थित समृद्धि फ्लोरेंस अपार्टमेंट के फ्लैट धारक परेशान। मेंटेनेंस की एक मुश्त राशि लेने के बाद भी अवैध वसूली।

  • लिफ्ट तक बंद।
  • वायदे के मुताबिक फ्लैट मालिकों को मेंटेनेंस का जिम्मा नहीं सौंप रहा बिल्डर।
  • मेंटेनेेंस के नाम पर एक करोड़ की राशि पर कब्जा।
  • फ्लैट धारकों ने किया प्रदर्शन।

जयपूर (एस.पी.मित्तल) – अजमरे के कोटड़ा स्थित समृद्धि फ्लोरेंस अपार्टमेंट के फ्लैट धारकों ने 13 सितम्बर को अपार्टमेंट के बिल्डर के प्रति गहरी नाराजगी जताई। फ्लैट धारकों का कहना रहा कि फ्लैट के बेचान के समय मेंटेनेंस की राशि एकमुश्त ली गई थी। यही वजह रही कि न्यूनतम 40 हजार से लेकर अधिकतम 60 हजार रुपए वसूले गए। बिल्डर के पास अब तक कोई एक करोड़ रुपए की राशि जमा हो चुकी है, लेकिन फिर भी क्लब हाउस, कॉमन एरिया के रख रखाव के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है।

एक फ्लैट धारक को मजबूरन पांच हजार रुपया प्रतिमाह तक देना पड़ रहा है। बिल्डर के द्वारा बिजली की सप्लाई प्री पेड मीटर से की जाती है। यानि बिल्डर स्वयं तो एकमुश्त बिजली उधार में खरीदता है, लेकिन फ्लैट धारकों को एडवांस राशि लेकर बिजली बेचता है। सरकार द्वारा निर्धारित दर से बिजली का मूल्य वसूला जाता है। अपार्टमेंट में फ्लैट की संख्या के अनुरूप कार पार्किंग का स्थान नहीं छोड़ा गया, फलस्वरूप फ्लैट धारकों में अक्सर विवाद होता है। बिल्डर द्वारा प्रतिमाह 300 रुपए पेयजल सप्लाई के लिए जाते हैं, जबकि तीन हजार टीडीएस वाला पानी सप्लाई किया जाता है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। फ्लैट धारकों को परेशान करने के लिए लिफ्ट को भी बंद रखा जाता है। कोई 125 फ्लैट वाले इस अपार्टमेंट में सुरक्षा के भी पर्याप्त उपाय नहीं है।

फ्लैट की बिक्री के समय वायदा किया गया था कि जब फ्लैट बिक जाएंगे, तब फ्लैटधारकों की संस्था को ही मेंटेनेंस आदि की जिम्मेदारी दे दी जाएगी, लेकिन अब बार बार आग्रह करने के बाद भी जिम्मेदारी नहीं दी जा रही है। जबकि बिल्डर के पास एक करोड़ रपए की राशि भी जमा है। फ्लैट धारकों का कहना है कि बेचान के समय तो बिल्डर सुनहरे सपने दिखाए थे, लेकिन अब धोखा दिया जा रहा है। समृद्धि फ्लोरेंस से जुड़े बिल्डर अब कोटड़ा में ही फ्लोरेंस डायनेस्टी अपार्टमेंट तथा जनाना अस्पताल के निकट मुख्यमंत्री आवास योजना में मकान बना रहे हैं।
आरोप सही नहीं:
दूसरी ओर समृद्धि फ़्लोरेंस के बिल्डर पवित्र कोठारी ने फ्लैट धारकों के आरोप गलत बताए हैं। कोठारी ने कहा कि 125 फ्लैट धारकों में अधिकांश उनकी सेवाओं से संतुष्ट है। कुछ लोग किरायेदार की हैसियत से रह रहे हैं। ऐसे लोग चाहते हैं कि मेंटेनेंस का जिम्मा उन्हें सौंप दिया जाए। कोठारी ने कहा कि फ्लैटधारकों की सोसायटी का रजिस्ट्रेशन हो जाने पर मेंटेनेंस का जिम्मा सोसायटी के पदाधिकारियों को सौंपा दिया जाएगा। हमारे अपार्टमेंट में ऐसा कोई काम नहीं हो रहा है जो नियम विरुद्ध हो।
फ्लैट धारकों का प्रदर्शन:
13 सितम्बर को कोटड़ा स्थित समृद्धि फ्लोरेंस अपार्टमेंट के बाहर सोशल डिस्टेसिंग के नियमों का पालन करते हुए फ्लैट धारकों ने प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में फ्लैट के मालिक बालगोविंद अग्रवाल, रोहित टांक, विष्णु सिंह शेखावत, निखिल खंडेलवाल, पीयूष सिंघल, अशोक सावलानी, अजय माथुर, बीके बोहरा, दिनेश भगनानी, सुरेश आदि ने भाग लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here