अजमेर नगर निगम को अब स्मार्ट बनाने की कवायद। एप पर दर्ज करवा सकेंगे, सभी प्रकार की शिकायत।

  • नगरीय परिवहन सेवा बसों की लाइव स्थिति भी देखी जा सकेगी।
  • पार्क, सुलभ शौचालय आदि सुविधाओं की जानकारी भी ऑनलाइन।
  • आयुक्त खुशाल यादव की स्मार्ट पहल।

जयपूर (एस.पी.मित्तल) – अजमेर नगर निगम के काम काज को लेकर बहुत लोगों को शिकायत हो सकती है। निगम दफ्तर में ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम नहीं होने की शिकायतें भी आम है। निगम की ऐसी स्थिति के बीच ही युवा आईएएस और निगम के आयुक्त खुशाल यादव ने निगम को स्मार्ट बनाने की पहल की है।
इसके लिए निगम का एक एप बनाया गया, जिसमें सभी प्रकार की जानकारियाँ होंगी। यादव ने बताया कि एप को अब प्लेस्टोर पर रखने के लिए गूगल को भेजा गया है। उम्मीद है कि लोगों को एप की सुविधाएँ जल्द मिलने लगेंगी। चूंकि अजमेर का अंतर्राष्ट्रीय महत्व है और यहां वर्ष भर पर्यटक और जायरीन आदि आते रहते हैं, इसलिए एप का ज्यादा महत्व है। एप पर अजमेर की भौगोलिक स्थिति तो होगी ही साथ ही शहर में किन किन स्थानों पर सार्वजनिक सुलभ कॉम्प्लेक्स है इसका भी पता चलेगा। बाहर से आना वाला व्यक्ति जिस स्थान पर खड़ा होगा, उसके आसपास के बारे में जानकारी ले सकेगा। अजमेर जिले में संचालित नगरीय परिवहन सेवा की बसों की लाइव स्थिति भी देखी जा सकेगी।
मौजूदा समय में डोर टू डोर कचरा संग्रह की व्यवस्था हैं। यानि निगम का वाहन आकर घर से कचरा एकत्रित करता है। शिकायत रहती है कि कई बार वाहन नहीं आता है। अब वाहन नहीं आने पर एप के माध्यम से तत्काल शिकायत की जा सकती है। यादव ने कहा कि मेरा प्रयास है कि निगम के काम काज को पारदर्शी बनाया जाए। यदि काम काज पारदर्शी होगा तो लोगों का भरोसा भी बना रहेगा। एप के माध्यम से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट की जानकारी भी दी जा सकती है। जिन प्रकरणा में निगम में राशि जमा करवाने का प्रावधान है उसे भी ऑनलाइन किया जा रहा है। यानि लोग घर बैठे ही निर्धारित राशि जमा करवा सकते हैं। निगम की आय बढ़ाने के उपाय भी किए जा रहे हैं।
यूडी टैक्स की वसूली का काम पूरी पारदर्शिता के साथ अनुबंध पर दिया जा रहा है। निगम को स्वयं की वसूली पर प्रतिवर्ष 6 करोड़ रुपए यूडी टैक्स से प्राप्त होते हैं। लेकिन अनुबंध के बाद 8 करोड़ रुपए मिलेंगे। संबंधित फर्मों को करदाताओं का सर्वे भी करना पड़ेगा। इस सर्वे के आधार पर ही अगले वर्ष नया अनुबंध किया जाएगा। यादव ने कहा कि बाहर से आने वाले लोगों की संख्या को देखते हुए सुलभ कॉम्पलेक्सों के विस्तार की जरुरत है। यदि व्यापारिक एसोसिएशन स्थान उपलब्ध करवाए तो निगम अपने खर्चें से कॉम्प्लेक्स का निर्माण करवाएगा। यादव ने कहा कि अजमेर में विकास की अपार संभावनाएं हैं। वे चाहते हैं कि शहर क विकास में नगर निगम महत्वपूर्ण भूमिका निभाए। उन्होंने शहर के जागरुक नागरिकों से सहयोग की अपील की है। यादव ने कहा कि स्वयं सेवी संगठनों के प्रतिनिधि और जागरुक नागरिक उन्हें सुझाव भी दे सकते हैं। यादव ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति निगम के काम काज से कोई परेशानी है तो वह सीधे उनसे सम्पर्क कर अपनी परेशानी बता सकता है। मालूम हो कि पार्षदों का कार्यकाल पूरा होने के बाद सरकार ने मेयर की शक्तियां भी निगम के आयुक्त को दे दी है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here