जयपूर (एस.पी.मित्तल) – भारत सरकार द्वारा चीन के 59 एप्स बेन किए जाने के बाद 30 जून को चीन के विदेश मंत्रालय ने भारत के इस कदम पर चिंता प्रकट की है। चीन की ओर से कहा गया है कि वह मामले पर गंभीरता से नजर रखे हुए हैं। चीन की यह चिंता उसे आर्थिक मोर्चे पर लगे झटके से है। टिकटॉक जैसे मोबाइल एप के माध्यम चीन की कंपनियां भारत के लोगों से करोड़ों रुपया कमा रही थी। लेकिन अब ऐसे एप बेन हो जाने से चीनी कंपनियों की कमाई भी बंद हो गई है। जो चीन लद्दाख सीमा पर अपनी सैन्य ताकत दिखा रहा है, उसे अब आर्थिक मोर्चे पर नुकसान उठाना पड़ रहा है। सरकार के ताजा कदम से चीन की उन कंपनियों में खलबली मच गई है जिन्होंने भारतका मुखौटा पहन रखा है। चीन की अनेक कंपनियों ने भारत की कंपनियों के साथ अनुबंध कर लिया है। ऐसी कंपनियों का सारा काम चीनी सामान से होता है, लेकिन इन कंपनियों का स्वरूप भारत का कर रखा है। सरकार को भारत के मुखौटे वाली ऐसी चीनी कंपनियों के खिलाफ भी सख्त कार्यवाही करनी चाहिए। इसके साथ ही भारत के लोगों को भी सस्ते माल का मोह त्याग चाहिए। सस्ते माल की वजह से ही भारत में चीन का माल बहुत बड़ी मात्रा में बिक रहा है। अब जब चीन हमारी सीमा में घुसपैठ कर रहा है,तब उसे आर्थिक मोर्चे पर सबक सिखाने की जरूरत है। ऐसा नहीं होना चाहिए कि चीन हमारे देश से पैसा एकत्रित कर सीमा पर हमारे ही खिलाफ इस्तेमाल करे।







