अजमेर जिले में अब रात 10 बजे तक दुकानें, रेस्टोरेंट आदि खुल सकेंगे?

लेकिन दुकानदार और ग्राहक को गाइड लाइन का पालन करना जरूरी-कलेक्टर शर्मा।

अजमेर (एस.पी.मित्तल) – जिला कलेक्टर विश्वमोहन शर्मा ने कहा है कि एक जुलाई से जिलेभर में रात दस बजे तक दुकानें, रेस्टोरेंट आदि संस्थान खुल सकेंगे। लेकिन इसके लिए दुकानदार और ग्राहक दोनों को सरकार की गाइड लाइन का पालना करना जरूरी होगा। कलेक्टर ने कहा कि रात 10 बजे बाद कोरोना काल में काफ्र्यू के नियम लागू हो जाएंगे, इसलिए दुकानदार और ग्राहक दोनों को ही रात 10 बजे तक अपने गन्तव्य तक पहुंचना होगा। कलेक्टर ने कहा कि लोगों को जो राहत मिली है उसका फायदा समझदारी से उठाया जाना चाहिए। कलेक्टर के ताजा निर्देशों से दुकानदारों खासकर रेस्टोरेंट के संचालकों को बड़ी राहत मिली है। दुकानदारों का कहना था कि गर्मी की वजह से दिन में ग्राहक नहीं आते हैं और जब शाम के वक्त ग्राहकी होती है तो आठ बजे से ही दुकान को बंद करने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। 30 जून तक रात 9 बजे तक ही दुकान खोलने का आदेश था। रात 9 बजे से कफ्र्यू लागू हो रहा था, लेकिन अब दुकानदार और रेस्टोरेंट मालिक रात साढ़े नौ बजे तक तो प्रतिष्ठान खोल ही सकते हैं। अब ग्राहकों को भी रात 10 बजे तक खरीददारी करने का अवसर मिलेगा। लेकिन शराब की दुकानें पहले की तरह रात 8 बजे ही बंद होगी। सरकार ने शराब की दुकानों में कोई छूट नहीं दी है।
धार्मिक स्थल भी खुले:
सरकार की गाइड लाइन के अनुसार एक जुलाई से अजमेर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के धार्मिक स्थल भी खुल गए हैं। ग्रामीण क्षेत्र के मंदिरों में जहां सुबह घंटियों की आवाज आने लगी वहीं दोपहर को मस्जिदों से अजान भी सुनाई दी। पिछले तीन माह से ऐसे सभी धार्मिक स्थल बंद पड़े थे। जहां मंदिरों में पूजा पाठ कर श्रद्धालुओं ने राहत महसूस की, वहीं मस्जिदों में नमाज पढऩे के बाद अकीदतमंदों ने सुकून का अहसास किया। जिले भर की मस्जिदों से जुड़े इदारा दावातुल हक संस्था के सचिव मौलाना अयूब ने बताया कि अनेक मस्जिदों में सरकार की गाइड लाइन और फिजिकल डिस्टेंसिंग के नियमों के तहत दोपहर की नमाज अदा की गई। ऊंटड़ा स्थित मस्जिद में प्रवेश से पहले नमाजियों के हाथ सैनेटाइज किए गए। मस्जिद के अंदर नमाजियों को दो गज की दूरी पर बैठाया गया। मौलाना अयूब ने बताया कि आम नमाजी भी कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर चिंतित है। इसलिए सभी लोग सतर्कता बरत रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here