दादरा नगर हवेली और दमण-दीव (राहुल सूर्यवंशी) – गुजरात के राजकोट में टिक-टॉक वीडियो बनाने के लिए शिव मंदिर में प्रतिमाओं के साथ तोड़-फोड़ करने वाले दो युवकों को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। युवकों ने राजकोट के शापर-वेरावल की सर्वोदय हाउसिंग सोसायटी के समीप स्थित शिव मंदिर में नंदी की प्रतिमा को लात मारकर तोड़ दिया था। उसके बाद शिव लिंग के गर्भगृह के द्वार को भी क्षति पहुंचाने की कोशिश की थी। युवकों की पहचान राजकोट निवासी जयेश चुडासमा (27) और दिनेश महीडा (25) के तौर पर हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक चप्पल पहनकर मंदिर में घुसा। उसके बाद सिगरेट पीते हुए पहले नंदी की प्रतिमा को लात मारकर तोड़ दिया, उसके बाद गर्भगृह के द्वार को भी क्षति पहुंचाने की कोशिश की। इसके बाद उसने यह वीडियो टिक-टॉक पर कमल का बादशाह के नाम से पोस्ट किया था। इस मामले में हिंदू संगठनों द्वारा शापर पुलिस थाने में युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवकों की गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद मूर्ति को लात मारकर तोड़ने वाले जय से ही मूर्ति की मरम्मत करवाई गई। वहीं, जयेश को भगवान शिव से क्षमा मांगने को भी कहा गया। जयेश का माफी मांगता हुआ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसके साथ ही वीडियो रिकॉर्ड करने वाले एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया गया है।







