- जयपुर हैरिटेज में मुनेश गुर्जर को उम्मीदवार बनाए जाने से मुख्य सचेतक महेश जोशी खुश नहीं।
- सभी छह निगमों में बन सकते हैं कांग्रेस के मेयर-प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा।
जयपूर (एस.पी.मित्तल) – 8 नवम्बर को राजस्थान के 6 नगर निगमों के मेयर पद के उम्मीदवार कांग्रेस और भाजपा ने घोषित कर दिए हैं। मेयर का चुनाव 10 नवम्बर को होगा। हालांकि दो निगमों में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला है, लेकिन फिर भी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि सभी छह निगमों में कांग्रेस के मेयर बन सकते हैं। माना जा रहा है कि राज्य में कांग्रेस की सरकार होने के कारण डोटासरा भाजपा के पार्षदों में तोडफ़ोड़ करवाएंगे।
डोटासरा को कितनी सफलता मिलती है यह तो 10 नवम्बर को पता चलेगा। लेकिन कांग्रेस में जयपुर शहर के दोनों निगमों में गुर्जर समुदाय के उम्मीदवार बनाकर सभी को चौंका दिया है। कांग्रेस ने जयपुर हैरिटेज से श्रीमती मुनेश गुर्जर और जयपुर ग्रेटर से गुर्जर समुदाय की ही दिव्या सिंह को उम्मीदवार बनाया है। सब जानते हैं कि कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष सचिन पायलट भी गुर्जर समुदाय से ही ताल्लुक रखते हैं। चूंकि इन दिनों प्रदेश में पंचायतीराज के चुनावों की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, इसलिए दोनों निगमों में गुर्जर समुदाय को प्राथमिकता देना राजनीतिक नजरिए से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पायलट को प्रदेश अध्यक्ष और डिप्टी सीएम के पद से हटाए जाने के बाद गुर्जर समुदाय में कांग्रेस को लेकर नाराजगी बताई जा रही है। हालांकि अब पायलट कांग्रेस के साथ खड़े हैं, लेकिन माना जा रहा है कि पायलट अपनी भूमिका से संतुष्ट नहीं है। पायलट को लेकर गुर्जर समुदाय में कांग्रेस के प्रति जो नाराजगी है, उसे कम करने के लिए ही जयपुर के निगम चुनाव में गुर्जर समुदाय को प्राथमिकता दी गई है। दोनों निगमों में गुर्जर समुदाय के मेयर उम्मीदवार बनाने में सीएम अशोक गहलोत प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास एकजुट नजर आए।
जबकि मुख्य सचेेतक महेश जोशी इस निर्णय से खुश नहीं दिखे। असल में जयपुर हैरिटेज में कांग्रेस का मेयर बनना तय माना जा रहा है। 100 पार्षदों वाले निगम में कांग्रेस के 47 पार्षद जीते हैं। महेश जोशी अपने पसंद का उम्मीदवार बनाना चाहते थे। हैरिटेज निगम में भाजपा के 42 पार्षद जीते हैं। 11 निर्दलीय उम्मीदवार भी विजय हुए हैं। भाजपा ने यहां कुसुम यादव को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने जयपुर ग्रेटर से दिव्या सिंह को उम्मीदवार बनाया है, 150 पार्षदों वाले निगम में कांग्रेस 88 पार्षद भाजपा के जीते हैं। कांग्रेस को लगता है कि दिव्या सिंह को मैदान में उतार कर भाजपा के पार्षदों को अपनी ओर कर लिया जाएगा। दिव्या सिंह की उम्मीदवारी के बाद ही भाजपा ने सोम्या गुर्जर को मेयर का उम्मीदवार घोषित किया, ताकि भाजपा के गुर्जर पार्षद एकजुट रह सके।
कांग्रेस ने जोधपुर उत्तर से श्रीमती कुंती परिहार को मेयर का उम्मीदवार बनाया है,जबकि भाजपा ने संगीत सोलंकी को। जोधपुर उत्तर के निगम में 80 पार्षद हैं, चूंकि 53 पार्षद कांग्रेस के जीते हैं, इसलिए कांग्रेस का मेयर बनना तय है। जोधपुर दक्षिण के निगम में 80 पार्षद हैं, यहां 43 पार्षद भाजपा के हैं,भाजपा ने वनीता सेठ को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने पूजा पारीक को यहां कांग्रेस के सिर्फ 29 पार्षद हैं। कोटा उत्तर के 70 सदस्यों वाले नगर निगम में कांग्रेस ने मंजू मेहरा और भाजपा ने संतोष बैरवा को मेयर का उम्मीदवार बनाया है। यहां कांग्रेस के 47 पार्षद जीते हैं। कोटा दक्षिण नगर निगम में 80 पार्षद हैं, भाजपा और कांग्रेस के 36-36 पार्षद जीते हैं, 8 पार्षद निर्दलीय हैं। कांग्रेस ने राजीव अग्रवाल और भाजपा ने विवेक राजवंशी को उम्मीदवार बनाया है। नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल ने दावा किया है कि कोटा के दोनों निगमों में कांग्रेस के मेयर बनेगे।







