- वकील ने सलमान की जान को खतरा बताया। अदालत ने कहा 16 जनवरी को उपस्थित होना ही पड़ेगा।
जयपूर (एस.पी.मित्तल) – राजस्थान के जोधपुर शहर में कोरोना संक्रमण का जबर्दस्त प्रकोप है, इसलिए फिल्म अभिनेता सलमान खान एक दिसम्बर को जिला एवं सत्र न्यायालय में उपस्थित नहीं हो सके। बहुचर्चित काले हिरण शिकार प्रकरण में सलमान को न्यायालय में उपस्थित होना था। लेकिन सलमान के वकील हस्तीमल सारस्वत ने हाजिरी माफी का प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया।
इस प्रार्थना पत्र में कहा गया कि जोधपुर में कोरोना संक्रमण का प्रभाव है, इसलिए सलमान खान को जान का खतरा है। जोधपुर आकर सलमान खान कोरोना संक्रमित हो सकते हैं। प्रार्थना पत्र में कहा गया कि कोरोना संक्रमण की वजह से ही सलमान को मुम्बई से आने में भी परेशानी है।
न्यायालय ने एक दिसम्बर को तो सलमान की हाजिरी माफी स्वीकार कर ली, लेकिन स्पष्ट कहा कि 16 जनवरी को हर हाल में सलमान खान को अदालत में उपस्थित रहना ही होगा। इस पर वकील सारस्वत का कहना रहा कि अदालत के निर्देश पर सलमान खान समय समय पर उपस्थित होते रहे हैं।
अदालत में उपस्थित नहीं होने की मंशा सलमान खान की नहीं रही है। अदालत के निर्देश पर सलमान 16 जनवरी को उपस्थित रहेंगे। यहां यह उल्लेखनीय है कि जोधपुर में कोरोना संक्रमण को देखते हुए ही रात्रि कालीन कर्फ्यू लगाया गया है। इसके साथ ही जिला प्रशासन ज्यादा संक्रमित वाले इलाके में लॉकडाउन की भी योजना बना रहा है।







