- गर्भवती होने पर क्या कोई सामान्य महिला शीर्षासन कर सकती है?
- ऐसा शीर्षासन गर्भ में पल रहे बच्चे पर प्रतिकूल असर डाल सकता है-गायनोकोलॉजिस्ट डॉ. स्नेहलता मिश्रा।
जयपूर (एस.पी.मित्तल) – 2 दिसम्बर को देश के प्रमुख अखबारों में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली का एक फोटो छपा है। इस फोटो में विराट अपनी 8 माह की गर्भवती पत्नी फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा को दीवार के सहारे शीर्षासन करवा रहे हैं। अनुष्का का सिर जमीन पर है और पैर ऊपर। फुल साइज के फोटो में साफ दिख रहा है कि अनुष्का शर्मा गर्भवती है। यह फोटो स्वयं विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। यह फोटो ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाने से पहले का है।
चूंकि अनुष्का बच्चे को जन्म देने वाली है, इसलिए विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया दौरे को बीच में छोड़ कर आएंगे। सब जानते हैं कि जब कोई सेलेब्रिटी फोटो पोस्ट करता है तो आम लोग नकल करने लग जाते हैं। फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन जिन उत्पादों का विज्ञापन करते हैं उनकी बिक्री रातों रात बढ़ जाती है। भले ही अमिताभ बच्चन तेल का विज्ञापन करें या बीकानेरी नमकीन का। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि कोई सामान्य वर्ग की 8 माह की गर्भवती महिला अनुष्का शर्मा की तरह शीर्षासन करे तो क्या होगा?
राजस्थान की मशहूर गायनोकोलॉजिस्ट और अजमेर के राजकीय जनाना अस्पताल की प्राचार्य रहीं डॉ. स्नेहलता मिश्रा ने कहा कि आम महिलाओं को सेलेब्रिटी की नकल नहीं करनी चाहिए। शीर्षासन के लिए योगाभ्यास जरूरी है। चूंकि शीर्षासन में ब्लड का सरकुलेशन सिर की ओर यानि विपरीत दिशा में हो जाता है, इसलिए गर्भ में पल रहे बच्चे को खतरा हो सकता है। ऐसे में प्री-मिच्यौर डिलीवरी भी हो सकती है। डॉ. मिश्रा ने माना कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा जैसी सेलेब्रिटी के घरों में योग प्रशिक्षक होते हैं। ऐसे प्रशिक्षकों की उपस्थिति में अनुष्का शीर्षासन कर रही है।
इसके लिए अनुष्का का अभ्यास भी रहा होगा। हो सकता है कि फोटो खिंचवाने के समय चिकित्सक भी उपस्थित रहे हों, लेकिन सामान्य परिवारों की गर्भवती महिलाओं को शीर्षासन से परहेज करना चाहिए। डॉ. मिश्रा ने कहा कि अखबारों को भी ऐसे फोटो प्रकाशित करने के साथ विशेषज्ञों की राय भी देनी चाहिए। अनुष्का शर्मा किसी फिल्म की शूटिंग नहीं कर रही हैं, बल्कि हकीकत में एक बच्चे को जन्म देने जा रही है। जब हम हकीक़त प्रकट करने जा रहे हैं तब सच्चाई सामने रखनी चाहिए। वैसे तो गर्भवती पत्नी का शीर्षासन वाला फोटो सार्वजनिक करने का कोई तुक नहीं है। सामान्य गर्भवती महिला को अपने और गर्भ में पल रहे बच्चे का ख्याल रखना चाहिए।







