जयपूर (एस.पी.मित्तल) – 8 जुलाई को राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने सहकारिता के क्षेत्र से जुड़े प्रदेशभर के प्रतिनिधियों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संवाद किया। गहलोत ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान हमारे नेता राहुल गांधी ने किसानों की कर्जमाफी की जो घोषणा की थी, उस पर कांग्रेस सरकार ने तत्काल कार्यवाही की। हमने सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी संस्थाओं से लिया गया किसानों का कर्जा माफ कर दिया। इसके लिए सरकार को 20 हजार करोड़ रुपए की राशि देनी पड़ी। पिछली भाजपा सरकार ने कर्जमाफी की जो घोषणा की थी, उसमें मात्र दो हजार करोड़ रुपए दिए गए। कांग्रेस सरकार ने भाजपा सरकार की घोषणा के अंतर्गत छह हजार करोड़ रुपए का भुगतान भी किया। गहलोत ने माना कि राष्ट्रीयकृत बैंकों से लिया गया किसानों का कर्जा अभी माफ नहीं हुआ है। यह कर्जा केन्द्र सरकार के सहयोग के बिना माफ नहीं हो सकता। गहलोत ने उम्मीद जताई कि केन्द्र सरकार का सहयोग जल्द मिलेगा।







