किसान आंदोलन पर प्रतिकूल टिप्पणी कर भाजपा विधायक मदन दिलावर ने राजस्थान में कांग्रेस को विरोध का मुद्दा दे दिया।

madan-dilawar
  • कोटा में दिलावर के आवास का घेराव करेंगे किसान। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने भी ट्वीट किया।

अजमेर (एस.पी.मित्तल) – भाजपा के विधायक और प्रदेश महामंत्री मदन दिलावर ने अपने एक बयान से राजस्थान में कांग्रेस को घर बैठे विरोध का मुद्दा दे दिया है। दिलावर ने न्यूज चैनलों पर कहा कि दिल्ली की सीमाओं पर जो किसान धरने पर बैठे हैं, उनमें आतंकवादी भी हो सकते हैं। दिलावर का कहना रहा कि धरने पर बैठे लोग काजू बादाम तो खा ही रहे हैं साथ ही चिकन बीरयानी तक का स्वाद ले रहे हैं।

यदि सरकार ने इन किसानों को जल्द ही धरना स्थल से नहीं उठाया तो देशभर में बर्डफ्लू फैल जाएगा। दिलावर का कहना रहा कि मुर्गी का मांस खाने से ही बर्डफ्लू फैल रहा है। दिलावर ने इतना सख्त बयान तब दिया है, जब केन्द्र सरकार वार्ता के दौरान लगातार धैर्य बरत रही है। सरकार की ओर से वार्ताकार केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र तोमर और रेलमंत्री पीयूष गोयल ने अभी तक भी ऐसी कोई टिप्पणी नहीं की है, जिससे धरने पर बैठे किसानों की भावनाओं को ठेस लगे। यही वजह है कि 8 जनवरी को आठवें दौर की वार्ता विफल हो जाने के बाद भी किसान यूनियनों के प्रतिनिधि आगामी 15 जनवरी को 9वें दौर की वार्ता करने पर सहमत हैं।

भले ही किसान प्रतिनिधि सरकार की बात नहीं मान रहे हैं, लेकिन सरकार वार्ता के प्रस्ताव पर किसानों को कोई ऐतराज नहीं है। लेकिन वहीं अब राजस्थान में भाजपा विधायक दिलावर के बयान ने कांग्रेस को घर बैठे विरोध का मुद्दा दे दिया है। दिलावर के बयान पर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने हाथों हाथ ट्वीट किया है। डोटासरा ने किसानों को आतंकवादी बताने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। डोटासरा के ट्वीट के बाद कांग्रेस के मंत्रियों विधायकों और बड़े नेताओं ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कोटा के कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी ने तो कोटा में दिलावर के आवास का घेराव करने की घोषणा भी कर दी है।

दिलावर कोटा के रामगंज मंडी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक हैं। दिलावर इससे पहले भी तीखे बयान देते रहे हैं। राजस्थान के किसानों के साथ शाहजहांपुर बार्डर पर धरना दे रहे किसान नेता रामपाल जाट ने कहा कि यदि आंदोलन में आतंकवादी घुस आएं हैं तो दिलावर को ऐसे लोगों की गिरफ्तारी करवानी चाहिए। जाट ने कहा कि यदि दिलावर नाम बताए तो हम ऐसे आतंकवादियों को ढूंढने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सीमाओं पर किसान पिछले 45 दिनों से शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा नेताओं को भड़काने वाले नहीं देने चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here