मुंबई (जॉनी वाझ) – फिल्म ‘भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया’ से एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा का फर्स्ट लुक 17 जुलाई को रिलीज किया गया है. 2020 के जनवरी में फिल्म के एक्टर अजय देवगन का फर्स्ट लुक जारी किया जा चुका है. जब से सोनाक्षी की पहली तस्वीर सामने आई है वह ट्विटर पर ट्रेंड कर रही हैं.
बता दें कि फिल्म 1971 भारत-पाकिस्तान के युद्ध पर आधारित सच्ची कहानी है. यह देशभक्ति और बहादुरी पर बनी फिल्म है. इसमें सोनाक्षी अपनी बाकी फिल्मों से अलग किरदार में नजर आ रही हैं. पहली बार सोनाक्षी इस तरह की फिल्मों का हिस्सा बनी है. वहीं फिल्म में सोनाक्षी के किरदार की बात करें तो वह सुंदरबेन जेठा मधारपर्या के रोल में नजर आएंगी. जो एक बहादुर समाज सेविका थीं और उन्होंने 299 महिलाओं के साथ भारतीय सेना का इस युद्ध में साथ दिया था. इस युद्ध में महिलाओं की फौज ने बहादुरी दिखाते हुए सेना के लिए रनवे तैयार किया था. फिल्म में अजय देवगन इंडियन एयरफोर्स के विंग कमांडर विजय कार्णिक का किरदार निभाते नजर आएंगे. इनके अलावा फिल्म में एमी विर्क और शरद केलकर भी हैं.







