अजमेर में कोरोना का टीका लगना शुरू।

  • राज्य सभा के पूर्व सांसद औंकार सिंह लखावत ने भी सरकारी अस्पताल में टीका लगवाया।
  • 250 रुपए शुल्क के साथ निजी क्षेत्र के मित्तल अस्पताल में भी टीका लगाया जा रहा है।
  • आधार कार्ड से अब मौके पर ही हो रहे हैं रजिस्ट्रेशन।

अजमेर (एस.पी.मित्तल) – 1 मार्च से अजमेर जिले में भी कोरोना का टीका लगना शुरू हो गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. केके सोनी ने बताया कि जिले में जिन 40 स्थानों पर टीका करण की व्यवस्था की गई थी, उन सभी स्थानों पर प्रात: 9 बजे से टीका करण शुरू हो गया।

उन्होंने बताया कि 60 वर्ष से अधिक उम्र वाले व्यक्ति अपने निकटतम सरकारी अस्पताल पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। मौके पर ही रजिस्ट्रेशन हो रहा है। इसके लिए संबंधित व्यक्ति को आधार कार्ड दिखाना जरूरी है। आधार कार्ड में जो मोबाइल नम्बर दर्ज है, उसी मोबाइल पर ओटीपी आएगा और ओटीपी के बाद ही टीका लगना संभव होगा। हालांकि टीका करण के लिए कोई भी पहचान पत्र काम आ सकता है, लेकिन उस पहचान पत्र में मोबाइल नम्बर दर्ज होना जरूरी है।

डॉ. सोनी ने बताया कि वैक्सीन लगवाने के प्रति लोगों में उत्साह है। तकनीकी खामियों के कारण कुछ स्थानों पर लोगों को परेशानी हुई है। लेकिन ऐसी ख़ामियों को जल्द दूर कर लिया गया। अजमेर के जेएलएन अस्पताल में चार स्थानों पर टीका करण की व्यवस्था की गई है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनिल जैन ने बताया कि राज्यसभा का पूर्व सांसद औंकार सिंह लखावत ने भी टीका लगवाया है।

डॉ. जैन ने कहा कि 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले जिन व्यक्तियों को बीपी, हाइपरटेंशन, शुगर आदि की बीमारियाँ हैं उन्हें भी टीका लगाया जा रहा है। सभी सरकारी अस्पतालों में यह टीका नि:शुल्क लगाया जा रहा है। डॉ. सोनी और डॉ. जैन ने 60 वर्ष से अधिक उम्र वाले सभी व्यक्तियों से आग्रह किया है कि वे बीना किसी झिझक के कोरोना का टीका लगवाए। कोरोना वायरस को समाप्त करने के लिए लोगों को टीका लगवाना जरूरी है।

मित्तल अस्पताल में भी सुविधा:
सरकार की गाइड लाइन के अनुसार पुष्कर रोड स्थित निजी क्षेत्र के मित्तल अस्पताल में भी कोरोना का टीका लगाने की व्यवस्था की गई है। अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी संतोष गुप्ता ने बताया कि प्रात: 9 बजे से टीका करण का काम शुरू हो गया। अस्पताल में ही रजिस्ट्रेशन का काम भी किया जा रहा है। सरकार ने जो 250 रुपए का शुल्क निर्धारित किया है उसे ही लिया जा रहा है। गुप्ता ने बताया कि एक मार्च को सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करवाते हुए अनेक लोगों को टीका लगाया गया। बीमारियों से ग्रसित 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले व्यक्तियों को भी अस्पताल में टीका लगाया जा रहा है। इस संबंध में और अधिक जानकारी मोबाइल नम्बर 9116049809 पर संतोष गुप्ता से ली जा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here