- कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव विवेक बंसल ने पायलट पर बड़ा हमला किया।
- हमें तो अपनों ने मारा है, गैरों में कहां दम था।
- दो दिन में पायलट खेमे के तीन विधायक लौट जाएंगे-सुरजेवाला।
- राजभवन को कब्जाने वाले कांग्रेसियों ने अब होटल में भजन कीर्तन किया।
जयपूर (एस.पी.मित्तल) – कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और राजस्थान की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने वाले विवेक बंसल ने प्रदेश के मौजूदा हालातों के लिए सीधे तौर पर सचिन पायलट को जिम्मेदार माना है। 27 जुलाई को बंसल ने मीडिया से कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पायलट को समझने में गलती की। पायलट तो राजस्थान के थे ही नहीं। इसलिए पायलट को राजस्थान की स्थिति का ज्ञान नहीं है। राजस्थान में कभी भी आयाराम गयाराम की राजनीति नहीं हुई। लेकिन अब पायलट प्रदेश में गंदी राजनीति कर रहे हैं। बंसल ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने पायलट के प्रति जो स्नेह दिखाया उसका पायलट ने नजायज फायदा उठाया है और अब पायलट भाजपा की गोद में जाकर बैठ गए हैं। बंसल ने कहा कि हमें तो अपनों ने मारा है, गैरों में कहां दम था। हमारी कश्ती वहां डूबी जहां पानी कम था। पायलट ने कांग्रेस पार्टी के साथ विश्वासघात किया है। राजस्थान की जनता कभी भी पायलट को माफ नहीं करेगी। पायलट भाजपा के साथ मिलकर चाहे जितना षडय़ंत्र कर ले, लेकिन राजस्थान में अशोक गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनी रहेगी। बंसल ने राज्यपाल कलराज मिश्र की भूमिका पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा का सत्र बुलाने के लिए सरकार का प्रस्ताव राज्यपाल को मानना बाध्यकारी है। लेकिन सरकार प्रस्ताव भेज रही है और राज्यपाल बारबार अस्वीकार कर रहे हैं। इससे प्रतीत होता है कि राज्यपाल पर ऊपरी दबाव है। मौजूदा हालात में देश में लोकतंत्र को बचाने की जरूरत है। बंसल ने कहा कि बसपा से कांग्रेस में शामिल हुए विधायकों का मुद्दा बेवजह उठाया जा रहा है। असल में अब प्रदेश में बसपा का कोई विधायक है ही नहीं। बसपा के सभी छह विधायक विधिवत तौर पर कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश मिश्रा ने जो व्हिप जारी किया है उसके कोई मायने नहीं है। जब बसपा का कोई विधायक है ही नहीं तो फिर व्हिप किस पर लागू होगा?
अब होटल में भजन कीर्तन:
27 जुलाई को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की उपस्थिति में जयपुर की होटल फेयरमोंट में विधायकों और कांग्रेस के नेताओं ने भजन कीर्तन किया। यह भजन कीर्तन राज्यपाल कलराज मिश्र की सद्बुद्धि के लिए किया गया। इसके साथ ही विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मिति से प्रस्ताव पास कर राष्ट्रपति को भेजा गया। इस प्रस्ताव में विधानसभा का सत्र बुलाने की मांग की गई। यह उल्लेखनीय है कि 24 जुलाई को सत्र बुलाने की मांग को लेकर सीएम गहलोत के नेतृत्व में विधायकों और कांग्रेस के नेताओं ने राजभवन में पांच घंटे तक धरना प्रदर्शन किया था।
तीन विधायक लौट जाएंगे-सुरजेवाला:
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने 27 जुलाई को दावा किया कि अगले दो दिन में सचिन पायलट खेमे के तीन विधायक जयपुर लौट आएंगे। सुरजेवाला ने कहा कि पायलट के साथ जो 18 विधायक दिल्ली में मौजूद हैं, उनमें से अनेक वापस मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ आना चाहते हैं। अनेक विधायकों से हमारा सम्मर्क बना हुआ है। यहां यह उल्लेखनीय है कि सुरजेवाला भी पिछले 15 दिनों से जयपुर की होटल फेयरमोंट में भी विधायकों के साथ रह रहे हैं।







