- कांग्रेस के 6 विधायकों में होटल सूर्यागढ़ में ही ईद की नमाज पढ़ी।
- कोरोना संक्रमण को देखते हुए विधायकों के स्वास्थ्य की जांच हुई।
- जैसलमेर में होटल के बाहर और अंदर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था।
जयपूर (एस.पी.मित्तल) – एक अगस्त से ही राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत की जैसलमेर-जयपुर के बीच दौड़ शुरू हो गई है। इसके लिए राज्य सरकार का प्लेन काम में आ रहा है। सीएम गहलोत 31 जुलाई को अपने समर्थक विधायकों के साथ तीन चार्टर प्लेनों में जयपुर से जैसलमेर पहुंचे थे। अब 1 अगस्त को वापस जयपुर लौटने का कार्यक्रम है। 31 जुलाई को जैसलमेर जाने से पहले ही गहलोत ने कहा था कि वे जयपुर में उपस्थित रह कर सरकार का कामकाज भी करेंगे। उनका जयपुर-जैसलमेर आना जाना लगा रहेगा। गहलोत समर्थक 100 विधायक जैसलमेर में आगामी 14 अगस्त तक रहेंगे। जैसलमेर के जिस सूर्यागढ़ होटल में विधायक ठहरे हुए हैं, वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सरकार के विश्वास पात्र अधिकारियों की सहमति के बिना विधायकों से कोई भी बाहरी व्यक्ति नहीं मिल सकता है। इसके लिए जयपुर से पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारियों को जैसलमेर में तैनात किया गया है। आईएएस और आईपीएस स्तर के इन्हीं अधिकारियों ने जयपुर की होटल फेयरमोंट में विधायकों की सुरक्षा का जिम्मा संभाल रखा था। चूंकि ऐसे अधिकारी पिछले बीस दिनों में सभी 100 विधायकों की शक्ल पहचानने लगे, इसलिए जयपुर के अधिकारियों की जैसलमेर में तैनात की गई है। विधायकों पर होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों से तो नजर रखी जा रही है, साथ ही सादा वर्दी में खुफिया पुलिस के कार्मिक भी तैनात किए गए हैं। ऐसे कर्मचारी होटल के अंदर और बाहर तैनात किए गए हैं। होटल का प्रबंध संभालने वाले कर्मचारियों को भी विशेष हिदायतें दी गई है।
होटल में ही ईद की नमाज:
1 अगस्त को होटल सूर्यागढ़ में ही कांग्रेस के मुस्लिम विधायकों ने ईद की नमाज पढ़ी। इसके लिए जैसलमेर के एक मौलाना को होटल के अंदर बुलाया गया। कांग्रेस के मुस्लिम विधायकों को अन्य विधायकों ने ईद की मुबारक बाद दी। ईद के मौके पर भी किसी मुस्लिम विधायक को अपने घर जाने की अनुमति नहीं दी गई। जैसलमेर से कांग्रेस के विधायक और मंत्री साले मोहम्मद ने ही नमाज के माकुल इंतलाम करवाए। होटल में विधायकों की सुविधाओं का ख्याल भी साले मोहम्मद ही रख रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार साले मोहम्मद के पिता और मुस्लिम धर्मगुरु गाजी फकीर ने पिछले दिनों सीएम गहलोत से जयपुर की होटल फेयर मोंट में मुलाकात की थी। तब गाजी फकीर ने ही गहलोत और विधायको को जैसलमेर आने का निमंत्रण दिया था।
विधायकों के स्वास्थ्य की जांच:
कोरोना संक्रमण को देखते हुए एक अगस्त को स्वास्थ विभाग की टीम ने होटल सूर्यागढ़ पहुंचकर अनेक विधायकों के स्वास्थ्य की जांच की है। जिन विधायकों को खांसी जुकाम और सिर दर्द की शिकायत थी, उन्हें चिकित्सकों ने अलग रहने की हिदायत दी है। जानकार सूत्रों के अनुसार 31 जुलाई को जयपुर से जैसलमेर आने की वजह से वातावरण में बदलाव हुआ, इसलिए अनेक विधायकों की तबीयत खराब हो गई। चूंकि कोरोना काल में होटलों के अंदर फिजिकल डिस्टेंसिंग की पालना नहीं हो रही है, इसलिए विधायकों को संक्रमण होने की आशंका भी हो गई है। इन विधायकों के साथ दिल्ली से आए कांग्रेस के कई नेता भी रह रहे हैं।







