- सचिन पायलट के वापस आ जाने के बाद भी गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार गिरेगी।
- कोरोना संक्रमण को देखते हुए पुष्कर के मंदिरों और घाटों पर लॉकडाउन लगा रहे।
जयपूर (एस.पी.मित्तल) – 11 अगस्त को एसपी मित्तल टॉक शोक में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर तीर्थ के विधायक और पूर्व संसदीय सचिव सुरेश रावत से सीधा संवाद हुआ। भाजपा के विधायक रावत इन दिनों 1008 धाॢमक स्थलों की मिट्टी संग्रहण का काम कर रहे हैं। मिट्टी अयोध्या में बनने वाले राम मंदिर में काम आएंगी। अपने अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए रावत ने इन दिनों भगवा वस्त्र और रुद्राक्ष की माला धारण कर रखी है। इंटरव्यू में भगवा वस्त्र से लेकर राजनीति और कोरोना काल में पुष्कर की स्थिति को लेकर विमर्श हुआ। रावत ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि न्यास ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष और राष्ट्रसंत गोविंद गिरी महाराज के निर्देश पर ही भगवा वस्त्र धारण किए हैं। हालांकि मैं गृहस्थ जीवन व्यतीत कर रहा हंू, लेकिन मेरा मन सनातन संस्कृति के अनुरूप है। जरूरी नहीं कि आश्रम में रहने वाले साधु संत ही भगवा वस्त्र पहने। गृहस्थ जीवन व्यतीत करने वाले भी भगवा वस्त्र धारण कर सकते हैं। रावत ने कहा कि जब वे भगवान राम के मंदिर निर्माण के लिए मिट्टी लेने जाते हैं तो धार्मिक स्थानों पर चमत्कार भी देखने को मिलते हैं। रावत ने कहा कि 1008 धार्मिक स्थलों की मिट्टी सम्मान जनक तरीके से अयोध्या पहुंचाई जाएगी। रावत ने कहा कि इस धार्मिक अनुष्ठान के साथ राजनीति भी चल रही है। सचिन पायलट भले ही कांग्रेस के साथ दोबारा खड़े हो गए हों, लेकिन अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार गिर जाएगी। कांग्रेस का अंर्तकलह आज नहीं तो कल बाहर आएगा। रावत ने स्वीकार किया कि पुष्कर तीर्थ में भी मंदिर और सरोवर के घाट बंद होने से रोजगार पर बुरा असर पड़ा है। लेकिन जिस तरह कोरोना संक्रमण पूरे देश में फैल रहा है,उसे देखते हुए मंदिरों और घाटों पर लॉकडाउन लगा रहना चाहिए। यदि बाहर के लोग आएंगे तो पुष्कर में हालात बिगड़ सकते हैं। रावत ने सरकार से मांग की कि कोरोना काल में पुष्कर के तीर्थ पुरोहितों को प्रतिमाह निश्चित राशि दी जाए। विधायक रावत का पूरा इंटरव्यू यूट्यूब पर एसपी मित्तल टॉक शो पर देखा जा सकता है। रावत के धार्मिक अनुष्ठान के बारे में और अधिक जानकारी मोबाइल नम्बर 9414006464 पर ली जा सकती है।







