जयपूर (एस.पी.मित्तल) – 19 अगस्त को सुबह 9 बजे अजमेर के रामगंज क्षेत्र में उस समय दहशत का माहौल हो गया, जब मोटर साइकिल पर आए तीन युवकों ने रिवाल्वर लहराते हुए मुथूट फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में लूट का प्रयास किया। हालांकि लुटेरे कोई राशि नहीं ले जा सके, लेेकिन दिन दहाड़े हुए इस वारदात से शहर भर में दहशत का माहौल हो गया। कंपनी के दफ्तर के पास ही पुलिस चौकी है, लेकिन पुलिस की मौजूदगी की परवाह किए बगैर तीनों युवक कंपनी के सुरक्षा गार्ड को धकेलते हुए दफ्तर में घुस गए। चूंकि कंपनी का दफ्तर पूरी तरह खुला नहीं था, इसलिए युवकों को राशि लूटने में सफलता नहीं मिली। कुछ ही देर में तीनों युवक रिवॉल्वर लहराते हुए बाहर आए और मोटर साइकिल पर बैठ कर फरार हो गए। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में तीनों युवक साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही तीनों युवकोंको पकड़ लिया जाएगा। लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों को इस बात पर आश्चर्य हो रहा है कि तीनों युवकों ने हाथ में रिवॉल्वर लेकर दिलेरी दिखाई और फिर मौके से फरार हो गए। तीनों युवकों के चेहरे पर पुलिस का कोई डर नहीं था। हालांकि अब पुलिस ने नाकाबंदी कर तेजी के साथ युवकों की तलाश शुरू कर दी है। आशंका है कि लुटेरे बाहर के हो सकते हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों ही पेशेवर तरीके से भू-कारोबारी विक्रम शर्मा की हत्या कर दी गई थी। जिन युवकों ने विक्रम शर्मा पर गोली चलाई उनका सुराग पुलिस को अभी तक भी नहीं मिला है। हालांकि पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। लेकिन इन दोनों युवकों का हत्यारों से सीधा नहीं रहा।







