अंधेरी में महिला से बदसलूकी और मारपीट; मंदिर के पुजारी सहित सात पर FIR दर्ज

विनयभंग

मुंबई (विशेष संवाददाता) : देश की आर्थिक राजधानी के अंधेरी इलाके से एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। इस घटना में एक स्थानीय मंदिर के पुजारी का नाम सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त है।

 

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, यह घटना 23 मार्च 2026 से 5 अप्रैल 2026 के बीच की है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जब वह अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थी, तभी आरोपियों ने एक संगठित साजिश के तहत उसे निशाना बनाया। बिंदु शर्मा, निलम गुप्ता, सत्यप्रकाश दुबे, मुन्ना उर्फ सोनार, लीना कपूर, सुजाता विश्वास और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति ने मिलकर महिला के साथ दुर्व्यवहार किया, उसके साथ मारपीट की और अश्लील हरकतें कर उसकी मर्यादा भंग करने का प्रयास किया।महिला

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 74: महिला की मर्यादा भंग करना (विनयभंग), धारा 79: यौन उत्पीड़न, धारा 115(2): जानबूझकर चोट पहुँचाना, धारा 351(2) व 352: आपराधिक धमकी और बल प्रयोग, धारा 3(2): सामूहिक अपराध में सहभागिता विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है|

इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि आरोपियों में शामिल सत्यप्रकाश दुबे अंधेरी के एक प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में पुजारी है। एक धार्मिक पद पर आसीन व्यक्ति द्वारा ऐसे कृत्य में शामिल होने की खबर मिलते ही कई महिला संगठनों ने इसका कड़ा विरोध किया है। ‘नारी शक्ति’ से जुड़े संगठनों ने धर्मादाय आयुक्त से संपर्क कर दुबे को मंदिर के पुजारी पद से तुरंत हटाने की मांग करने का निर्णय लिया है।

पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने उसका मोबाइल छीन लिया था और उसे वापस करने के बदले 15,000 रुपये की अवैध वसूली की। पीड़िता के अनुसार, FIR में इस जबरन वसूली (extortion) के तथ्य को शामिल नहीं किया गया है। अब पीड़िता इस मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के पास जाने की तैयारी कर रही है, ताकि मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके और उसे न्याय मिल सके।

वर्तमान में अंधेरी पुलिस मामले की सघन जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना ने एक बार फिर शहरी इलाकों में महिलाओं की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया है।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here