- राजस्थान के दूध उत्पादकों को 6 माह से अनुदान राशि का भुगतान नहीं हुआ।
- अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचन्द्र चौधरी ने सीएम अशोक गहलोत को पत्र लिखा।
- नवम्बर माह में हो सकता है अजमेर के नए प्लांट का उद्घाटन।
जयपूर (एस.पी.मित्तल) – अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचन्द्र चौधरी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को एक पत्र लिखकर प्रदेश के दुग्ध उत्पादकों को 6 माह का बकाया अनुदान दिलाए जाने की मांग की है। पत्र में सीएम को बताया गया कि राज्य सरकार दुग्ध उत्पादकों को प्रति लीटर दो रुपए का अनुदान देती है, जिससे गरीब पशुपालक को बड़ी राहत मिलती है। लेकिन प्रदेश में पिछले 6 माह से अनुदान की राशि पशुपालकों को नहीं मिली है। हालांकि वित्त विभाग ने 50 करोड़ रुपए आरसीडीएफ के खाते में डाल दिए हैं, लेकिन यह राशि जिला दुग्ध उत्पादक संघों तक नहीं पहुंची है। कोरोना काल में यदि बकाया राशि का भुगतान हो जाता है तो पशुपालकों को आर्थिक मदद मिल जाएगी। चौधरी ने सीएम गहलोत को पत्र में यह भी बताया कि गत 35 वर्षों से जिला दुग्ध उत्पादक संघों में नई भर्ती नहीं हुई है, इसलिए डेयरी प्लांटों में 80 प्रतिशत पद रिक्त पड़े हुए हैं। अब जब नए प्लांट लग रहे हैं, तब तकनीकी कार्मिकों की सख्त जरूरत है। पत्र में सीएम से आग्रह किया गया है कि नए भर्ती की छूट दी जाए। पत्र में सीएम पशु आहार केन्द्र, पशु चिकित्सा केन्द्र आदि के बारे में भी सुझाव दिए गए हैं।
नवम्बर में नए प्लांट का उद्घाटन:
चौधरी ने अपने पत्र में सीएम गहलोत से 11 से 19 नवम्बर के बीच अजमेर डेयरी के नए प्लांट का उद्घाटन करने का आग्रह भी किया है। चौधरी ने सीएम को बताया है कि 340 करोड़ रुपए की लागत से तैयार नए प्लांट में दूध प्रोसेसिंग का काम शुरू हो चुका है। नए प्लांट में प्रतिदिन 10 लाख लीटर दूध की प्रोसेसिंग हो सकेगी। सीएम को यह भी बताया गया कि केन्द्र सरकार ने अभी तक भी 31 करोड़ रुपए की सब्सिडी का भुगतान नहीं किया है। केन्द्र सरकार ने 250 करोड़ रुपए का लोन स्वीकृत करते समय कहा था कि 50 करोड़ रुपए अनुदान के तौर पर मिलेगे। डेयरी ने अपने हिस्से की राशि का उपयोग नए प्लांट में कर लिया लेकिन अनुदान की राशि अभी तक भी नहीं मिली है। सीएम को बताया गया कि किन विपरीत परिस्थितियों में डेयरी का नया प्लांट शुरू हुआ है। नए प्लांट में दूध से बनने वाले अन्य उत्पाद भी तैयार होंगे। ऐसे उत्पाद अमूल डेयरी के उत्पाद से भी बेहतर होंगे।







