- वर्चुअल समारोह में राज्यपाल कलराज मिश्र की उपस्थिति ऐन मौके पर हुई।
- पीएम मोदी ने सीएम अशोक गहलोत को अपना मित्र बताया।
जयपूर (एस.पी.मित्तल) – राजस्थान में जब दैनिक भास्कर और राजस्थान पत्रिका के बीच पहले नम्बर का अखबार होने की होड़ मची हुई है, तब 8 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पत्रिका अखबार और उसके प्रधान सम्पादक गुलाब कोठारी की जमकर प्रशंसा की है। पत्रिका समूह ने अपने सामाजिक सरोकारों के तहत जयपुर के जवाहरलाल सर्किल पर एक आकर्षक गेट का निर्माण किया है। 8 सितम्बर को पीएम मोदी ने इस गेट का लोकार्पण तथा पत्रिका के प्रधान सम्पादक गुलाब कोठारी द्वारा लिखित पुस्तक संवाद उपनिषद व अक्षर यात्रा का विमोचन किया।
यह समारोह वर्चुअल तकनीक से हुआ। पीएम के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सीएम अशोक गहलोत और राज्यपाल कलराज मिश्र जुड़े। पीएम ने कहा कि पत्रिका अखबार से मेरा पुराना नाता रहा है। पत्रिका अखबार राजस्थान में रोजाना सुबह लोगों के घरों का दरवाजा खोलता है और फिर अखबार को पढ़कर लोगों के मन का दरवाजा भी खुल जाता है। राजस्थान की संस्कृति के अनुरूप जिस तरह पत्रिका ने गेट का निर्माण करवाया, उससे प्रतीत होता है कि पत्रिका समूह अपने प्रदेश से जुड़ा हुआ है। पीएम ने इस बात पर संतोष जताया कि पत्रिका के प्रधान सम्पादक गुलाब कोठारी भारत की सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। कोठारी ने वेदों के ज्ञान के आधार पर संवाद उपनिषेद और अक्षर यात्रा पुस्तक को लिखा है। मुझे इस बात की खुशी है कि गुलाब कोठारी के पिता जी स्वर्गीय कर्पूरचंद कुलिश ने भारत की संस्कृति और विरासत को संजोने का जो काम किया था, उसे अब गुलाब कोठारी विस्तार दे रहे हैं। मोदी ने कहा कि यह हमारे वेदों का ज्ञान ही है जहां शब्द को भी धर्म माना गया है। ऐसी संस्कृति हमें और कहीं देखने को नहीं मिलती है। पत्रिका समूह ने वेदों के ज्ञान को आम लोगों तक पहुंचाया है। मोदी ने कहा कि वर्ष 2019 के आम चुनाव के बाद मैंने मीडिया के प्रतिनिधियों से संवाद किया था, उसमें गुलाब कोठारी ने भी भाग लिया। संवाद के अगले दिन पत्रिका में स्तूत संकल्प शीर्षक से एक अग्रलेख प्रकाशित हुआ। इस लेख में आमजन की भावनाओं का ही उल्लेख किया गया।
मोदी ने कहा कि मुझे इस बात का संतोष है कि पत्रिका समूह में विदेशों का अंधानुकरण नहीं किया है। आज भी पत्रिका समूह वेदों पर आधारित पुस्तकों का प्रकाशन कर रहा है। वेदों के विचारों को कालदृष्टा कहा गया है। वेद हमें किसी सीमा में नहीं बांधते। वेद सबके के लिए है। मोदी ने कहा कि जब लोग अपना घर बनाते हैं तब मंदिर का स्थान भी सुरक्षित रखते हैं, लेकिन अब हमें मंदिर की तरह पुस्तक रखने का स्थान भी घर में सुरक्षित रखना चाहिए। पुस्तक हमें हमारी विरासत से जोड़ती हैं। उन्होंने कहा कि अब भारतीय मीडिया को भी ग्लोबल हो जाना चाहिए। यानि हमारे समाचारों की क्वालिटी ऐसी हो जिसे विदेश के लोग पसंद करें। समारोह में सीएम अशोक गहलोत ने भी पत्रिका के सामाजिक सरोकारों की प्रशंसा की। सीएम ने कहा कि पत्रिका समूह ने वेदों का ज्ञान आमलोगों तक पहुंचाया है। समारोह में गुलाब कोठारी ने कहा कि जवाहर सर्किल पर गेट का निर्माण राजस्थान की संस्कृति के अनुरूप किया गया है। यह गेट जयपुर विकास प्राधिकरण के मिशन अनुपम के तहत बनाया गया है। गेट की डिजाइन सुप्रसिद्ध वास्तुकार अनूप भर्तिया ने की है।
राज्यपाल की उपस्थिति ऐन मौके पर:
राजस्थान पत्रिका ने गेट के लोकार्पण के समारोह की जो जानकारी दी, उसमें बताया गया कि समारोह के मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी होंगे, जबकि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे। 8 सितम्बर को पत्रिका के विज्ञापन में भी पीएम मोदी, सीएम गहलोत और गुलाब कोठारी के फोटो ही प्रकाशित किए गए। लेकिन 8 सितम्बर को जब वर्चुअल समारोह शुरू हुआ तो राज्यपाल कलराज मिश्र भी वीडियो कॉन्फ्रेंस से जुड़े हुए थे। बताया जा रहा है कि राज्यपाल की उपस्थिति पीएमओ के दखल के बाद हुई है। यदि पत्रिका समूह की ओर से राज्यपाल को आमंत्रित किया जाता तो पत्रिका के विज्ञापन में राज्यपाल की फोटो भी होता। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में जहां राज्यपाल कलराज मिश्र के नाम का उल्लेख किया, वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अपना मित्र भी बताया। आमतौर पर पीएम मोदी सिर्फ पद और व्यक्ति के नाम का उल्लेख करते हैं। लेकिन 8 सितम्बर को पत्रिका के समारोह में पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री के साथ साथ मित्र शब्द का भी उल्लेख किया। यहां यह उल्लेखनीय है कि सीएम अशोक गहलोत अक्सर पीएम मोदी की आलोचना करते हैं।







